
आगरा: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. इसी कड़ी में ताजनगरी आगरा में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पांच मंडलों के जिलाधिकारियों (DM), जिला निर्वाचन अधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP), पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों और पुलिस उपमहानिरीक्षकों (DIG) के साथ चुनावी तैयारियों की गहन समीक्षा की. इस मैराथन बैठक के दौरान प्रत्येक जिले के प्रशासनिक व पुलिस प्रमुखों को करीब 15 मिनट का समय आवंटित करते हुए अपने-अपने जनपद की चुनावी तैयारियों का विस्तृत प्रेजेंटेशन देने के निर्देश दिए गए. बैठक में मतदाताओं को जागरूक करने वाले कार्यक्रम ‘स्वीप’ (SVEEP) यानी सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन अभियान को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने पर विशेष जोर दिया गया.
इस अभियान के तहत शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने, मतदाताओं को वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करने, मतदान केंद्रों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने और वोटिंग के दिन अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत सुनिश्चित करने की ठोस रणनीति पर मंथन किया गया.
संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयार होगी ग्राउंड रिपोर्ट
समीक्षा बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए ‘वल्नरेबिलिटी मैपिंग’ (संवेदनशीलता मानचित्रण) को लेकर भी अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए. आयोग ने स्पष्ट किया कि ऐसे गांवों और इलाकों को बारीकी से चिह्नित किया जाए, जहां अतीत में मतदाताओं को डराने-धमकाने, मतदान से रोकने या किसी भी तरह का प्रलोभन देकर प्रभावित करने की कोशिशें हुई हैं. सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर मजिस्ट्रेट स्वयं इन संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे.
अधिकारियों की इसी ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर ‘क्रिटिकल’ और संवेदनशील मतदान केंद्रों की श्रेणी तय की जाएगी. इसके अलावा, मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए स्थानीय पुलिस बल की तैनाती, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) की वास्तविक आवश्यकता और पिछले चुनावों में तैनात की गई सुरक्षा कंपनियों की संख्या की भी बिंदुवार समीक्षा की गई.
दिसंबर में पूर्ण निर्वाचन आयोग का लखनऊ दौरा और महाबैठक प्रस्तावित
निर्वाचन आयोग की इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही सभी जिलों की तैयारियों का वास्तविक आकलन करना और समय रहते कमियों को दुरुस्त कराना है. सूत्रों के मुताबिक, आगामी दिसंबर महीने में भारत निर्वाचन आयोग के पूर्ण आयोग (Full Commission) के उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ दौरे की प्रबल संभावना है. इस बड़े दौरे से पहले मंडलवार समीक्षा बैठकों का दौर जारी है.
गौरतलब है कि आगरा से पहले मेरठ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 17 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हो चुकी है. अब आगरा के बाद पूर्वांचल और अवध क्षेत्र को कवर करने के लिए गोरखपुर और लखनऊ में भी इसी तरह की समीक्षा बैठकें प्रस्तावित हैं. प्रदेश के सभी मंडलों की समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिसंबर में पूर्ण निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकर चुनावी तैयारियों का अंतिम और विस्तृत जायजा लेगा.
voice of india