
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीटों के बंटवारे को लेकर अंदरखाने सियासी खींचतान तेज होने लगी है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि सीटों को लेकर केवल सहयोगी दलों की ही दावेदारी भाजपा के लिए चुनौती नहीं बनी है, बल्कि खुद पार्टी के भीतर भी इस मुद्दे पर एकराय नहीं बन पा रही है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा में एक धड़ा सहयोगी दलों को 100 से अधिक सीटें देकर गठबंधन को व्यापक आधार देने की रणनीति का समर्थक बताया जा रहा है, जबकि दूसरा धड़ा इतनी बड़ी हिस्सेदारी देने के पक्ष में नहीं है। इस दूसरे धड़े का मानना है कि सहयोगियों को पिछली बार की तरह सीमित और प्रदर्शन के आधार पर तय सीटें ही दी जानी चाहिए। ऐसे में भाजपा के सामने सहयोगियों की राजनीतिक महत्वाकांक्षा और अपने चुनावी समीकरणों के बीच संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
117 सीटों की दावेदारी बनाम भाजपा का 60 सीटों वाला फॉर्मूला यदि 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें, तो भाजपा ने तब 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि अपना दल (एस) को 17 और निषाद पार्टी को 10 सीटें मिली थीं। अब राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी राजग का हिस्सा हैं। ऐसे में भाजपा को चार प्रमुख सहयोगी दलों के साथ सीटों का तालमेल बैठाना है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सहयोगियों की ओर से अपनी राजनीतिक ताकत, जातीय समीकरण और पिछले चुनावों के प्रदर्शन को आधार बनाकर सामूहिक रूप से 116 से 117 सीटों तक की दावेदारी की जा रही है। इसके मुकाबले भाजपा की ओर से सभी सहयोगियों को कुल मिलाकर करीब 60 सीटों के आसपास समायोजित करने का फॉर्मूला चर्चा में है।
सहयोगी दलों की संभावित मांग और क्षेत्रीय समीकरणों का गणित मीडिया रिपोर्टों में सामने आए संभावित आंकड़ों के अनुसार, राजग के सहयोगी दलों में निषाद पार्टी 36 से 37, रालोद करीब 30, अपना दल (एस) 25 और सुभासपा 25 सीटों पर दावेदारी कर रही है। सीटों की इस दावेदारी में रालोद और सुभासपा की भूमिका बेहद खास मानी जा रही है, क्योंकि 2022 में दोनों दल समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थे और तब रालोद ने 33 तथा सुभासपा ने 19 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। अब राजग में शामिल होने के बाद दोनों दल अपनी पुरानी चुनावी हिस्सेदारी को आधार बनाकर अधिक सीटें चाहते हैं, जबकि अपना दल (एस) और निषाद पार्टी भी पिछली बार से कम सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं दिख रहे। सहयोगियों का तर्क है कि उनके सामाजिक आधार और क्षेत्रीय प्रभाव का सीधा लाभ भाजपा को मिलता है। दूसरी ओर, भाजपा के एक वर्ग का मानना है कि पश्चिमी यूपी में रालोद और पूर्वांचल में सुभासपा व निषाद पार्टी को पर्याप्त हिस्सेदारी देने से जातीय समीकरण साधने में मदद मिलेगी, जबकि दूसरे धड़े को आशंका है कि ज्यादा सीटें छोड़ने से पार्टी के अपने मजबूत दावेदारों और संगठन के कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हो सकता है।
सीएम योगी समेत प्रदेश के चार दिग्गजों को मिली समन्वय की जिम्मेदारी सीटों के बंटवारे पर किसी तरह की नाराजगी और टकराव की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए भाजपा नेतृत्व ने सहयोगी दलों से संवाद की जिम्मेदारी प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से बातचीत करेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को अपना दल (एस), प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को निषाद पार्टी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सुभासपा से समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। इन चारों नेताओं को सहयोगियों की मांग, उनके तर्कों और जमीनी चुनावी संभावनाओं का आकलन कर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखनी है, जिसके बाद अंतिम निर्णय केंद्रीय स्तर पर लिया जाएगा। पार्टी के सामने केवल सीटों की संख्या तय करने का मसला नहीं है, बल्कि हर विधानसभा क्षेत्र में जीत की संभावना का आकलन भी उतना ही जरूरी है।
209 उम्मीदवारों की फर्जी वायरल सूची ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी इस सियासी खींचतान के बीच हाल ही में सोशल मीडिया पर यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के संदर्भ में भाजपा के 209 उम्मीदवारों की एक कथित सूची वायरल हुई थी, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई। हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आधिकारिक बयान जारी कर इस वायरल सूची को पूरी तरह फर्जी, निराधार और मनगढ़ंत करार दिया था। उन्होंने मीडिया के सामने स्पष्ट किया था कि उम्मीदवारों के नाम तय करने के संबंध में ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है, न ही टिकट वितरण या प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अभी शुरू हुई है और न ही कोई सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। इसके बावजूद, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस वायरल सूची ने यह संदेश जरूर दे दिया है कि आगामी चुनाव में गठबंधन के दलों के बीच सीटों का बंटवारा आसान नहीं रहने वाला है।
voice of india