उत्तर प्रदेश के शहरों के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रदेश के 703 नगरीय निकायों के लिए 1034.76 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि मंजूर की गई है। इस बजट में 16 नगर निगमों के साथ 185 नगर पालिका परिषदों और 502 नगर पंचायतों को शामिल किया गया है। स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से इस संदर्भ में आधिकारिक शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
पांचवें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों पर मिली मंजूरी
शासन स्तर पर यह वित्तीय आवंटन पांचवें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप किया गया है। इसमें वर्ष 2022-23 से 2023-24 तक की वास्तविक प्राप्तियों को आधार बनाकर राशि तय की गई है। निदेशालय के आदेश के मुताबिक, कुल 1,034 करोड़ 76 लाख 1 हजार 979 रुपये (लगभग 1034.76 करोड़ रुपये) की वित्तीय स्वीकृति दी गई है, जिससे प्रदेशभर में लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी।
नगर निगमों को सबसे बड़ा हिस्सा, पंचायतों को भी मिला हक
कुल मंजूर बजट में सबसे बड़ा हिस्सा नगर निगमों की झोली में गया है। तीनों श्रेणियों के बीच धनराशि का बंटवारा इस प्रकार किया गया है:
-
नगर निगम: 473 करोड़ 14 लाख 62 हजार आठ रुपये (कुल बजट का लगभग 45.72%)
-
नगर पालिका परिषद: 358 करोड़ 24 लाख 82 हजार 806 रुपये (कुल बजट का लगभग 34.62%)
-
नगर पंचायत: 203 करोड़ 36 लाख 57 हजार 165 रुपये (कुल बजट का लगभग 19.65%)
राजधानी लखनऊ पर सबसे ज्यादा मेहरबानी, शाहजहांपुर को मिले 8.75 करोड़
जारी की गई सूची में राजधानी लखनऊ नगर निगम को सबसे अधिक 77.10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। औद्योगिक नगरी कानपुर नगर 65.15 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और धार्मिक नगरी वाराणसी 48.44 करोड़ रुपये के साथ तीसरे पायदान पर रही। इसके अलावा पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद और संगम नगरी प्रयागराज को भी बड़ा बजट मिला है। वहीं सूची में सबसे कम आवंटन शाहजहांपुर और अयोध्या नगर निगम के हिस्से में आया है, जिन्हें 8.75-8.75 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
16 नगर निगमों को आवंटित धनराशि का पूरा ब्योरा
| नगर निगम | स्वीकृत राशि (करोड़ रुपये में) |
| लखनऊ | 77.10 |
| कानपुर नगर | 65.15 |
| वाराणसी | 48.44 |
| गाजियाबाद | 39.83 |
| प्रयागराज | 39.72 |
| आगरा | 38.32 |
| बरेली | 21.60 |
| अलीगढ़ | 21.59 |
| मुरादाबाद | 21.00 |
| गोरखपुर | 20.58 |
| मथुरा | 18.12 |
| सहारनपुर | 16.28 |
| फिरोजाबाद | 13.98 |
| झांसी | 13.92 |
| अयोध्या | 8.75 |
| शाहजहांपुर | 8.75 |
| कुल योग | 473.15 |
voice of india
