Monday , 27 April 2026

प्रतापगढ़ में दरिंदगी की इंतिहा: सामूहिक दुष्कर्म के बाद 18 वर्षीय छात्रा की हत्या, शव को पेड़ से लटकाया; रूह कंपा देगी पूरी कहानी

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक 18 वर्षीय युवती के साथ दो किशोरों ने न केवल सामूहिक दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, बल्कि विरोध करने पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्यों को मिटाने के लिए आरोपियों ने मृतका के शव को दुपट्टे के फंदे से आम के बाग में लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

रात के सन्नाटे में हुई दरिंदगी, सवेरे बाग में मिला शव

घटना शनिवार देर रात की है। रविवार भोर करीब 4:30 बजे जब परिजनों की नजर घर के पास स्थित आम के बाग पर पड़ी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवती का शव पेड़ से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही मानिकपुर, नवाबगंज और कुंडा थाने की फोर्स के साथ एसपी दीपक भूकर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। जांच में पता चला कि युवती को घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर घसीटकर लाया गया था।

फोन कॉल से खुला राज: धोखे से खेत में बुलाया था

पुलिस ने जब मृतका के पिता का मोबाइल खंगाला, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। कॉल डिटेल से पता चला कि शनिवार रात 9:15 से 10:47 बजे के बीच युवती की एक किशोर से करीब 10 बार बात हुई थी। पुलिस ने जब संदिग्ध किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने युवती को रात 12 बजे खेत में मिलने बुलाया था। वहां उसका एक दोस्त भी मौजूद था।

दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव और फिर कत्ल

पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि पहले उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब युवती ने इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो दोनों ने मिलकर उसका मुंह दबा दिया और उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए वे शव को घसीटते हुए बाग में ले गए और वहां एक धार्मिक स्थल के झंडे के कपड़े से फंदा बनाकर उसे लटका दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि

सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आरोपियों की दरिंदगी की गवाही दी। मृतका के शरीर पर दांतों से काटने और नाखूनों से खरोंचने के गहरे निशान मिले हैं, जो संघर्ष को बयां करते हैं। डॉक्टरों ने सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि की है और आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया है। पुलिस के अनुसार, युवती शनिवार रात 11 बजे भी घर से निकलने की कोशिश कर रही थी, तब उसकी भाभी ने उसे डांटकर वापस भेज दिया था, लेकिन वह रात 12 बजे चुपके से निकल गई।

टूट गए ’75 फीसदी’ वाली मेधावी छात्रा के सपने

मृतका एक होनहार छात्रा थी, जिसने हाल ही में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा में 75% अंक हासिल किए थे। वह बीएससी करना चाहती थी और शनिवार को ही उसके भाइयों ने कॉलेज में एडमिशन कराने का वादा किया था। ई-रिक्शा चलाने वाले पिता और मुंबई में काम करने वाले भाइयों ने उसके भविष्य के लिए कई सपने संजोए थे, जो अब राख हो चुके हैं। गांव में इस घटना के बाद से भारी तनाव और मातम का माहौल है।

Check Also

मौत को कई बार मात दे चुके हैं ट्रंप: बटलर से लेकर व्हाइट हाउस डिनर तक, अमेरिकी राष्ट्रपति पर हुए जानलेवा हमलों की पूरी कुंडली

वाशिंगटन: अमेरिकी राजनीति के सबसे चर्चित और विवादास्पद चेहरों में से एक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड …