हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं और कानून-व्यवस्था दोनों को झकझोर कर रख दिया है। एक सिरफिरे आशिक ने अपनी सनक पूरी करने के लिए श्मशान घाट की मर्यादा तक तार-तार कर दी। तांत्रिक के बहकावे में आकर इस युवक ने एक किशोर की जलती चिता से उसकी खोपड़ी और अवशेष चोरी कर लिए। पुलिस ने इस रूह कपाने वाले मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी, उसके साथी और एक तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
श्मशान घाट में सनसनी: नम आंखों से किया था अंतिम संस्कार
घटना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला सोनपुर सोटावाली स्थित श्मशान घाट की है। मोहल्ले का रहने वाला शुभांशु पिछले काफी समय से पेट की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। शनिवार को मेरठ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शनिवार देर शाम गमगीन माहौल में परिजनों ने शुभांशु का अंतिम संस्कार किया और घर लौट आए। लेकिन कुछ ही घंटों बाद जब परिवार का एक सदस्य वापस श्मशान पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। चिता से किशोर के सिर का हिस्सा (खोपड़ी) और राख गायब थी।
CCTV फुटेज ने खोला राज: मोपेड पर सवार दिखे तीन ‘साये’
इस घिनौनी वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें तीन संदिग्ध युवक मोपेड पर सवार होकर श्मशान की तरफ जाते और कुछ देर बाद तेजी से वापस लौटते दिखे। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू की तो मामला सीधे तौर पर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास से जुड़ा पाया गया।
तांत्रिक की सलाह: ‘खोपड़ी लाओ और लड़की को वश में करो’
पुलिस की पूछताछ में जो सच सामने आया वो चौंकाने वाला था। गिरफ्तार किए गए एकतरफा आशिक ने बताया कि वह एक युवती से बेहद प्यार करता है और उसे किसी भी कीमत पर पाना चाहता है। इसके लिए उसने एक तांत्रिक से संपर्क किया। तांत्रिक ने उसे सलाह दी कि अगर वह श्मशान से किसी ताजी चिता की खोपड़ी और राख लाकर तंत्र क्रिया करेगा, तो लड़की और उसका पूरा परिवार उसके वश में हो जाएगा। इसी अंधविश्वास के चक्कर में उसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई: तांत्रिक समेत तीन आरोपी जेल भेजे गए
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तांत्रिक, आशिक और वारदात में उसका साथ देने वाले तीसरे शख्स को दबोच लिया है। आरोपियों के पास से चिता के अवशेष भी बरामद किए जाने की सूचना है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास के खतरनाक चेहरे को उजागर कर दिया है।
voice of india
