Saturday , 24 October 2026

‘बिटिया का ख्याल रखना, खुशी से रहना यार’….शादी की सालगिरह के अगले ही दिन उजड़ गई दुनिया, फंदे से लटका मिला नई नवेली दुल्हन का शव; सुसाइड नोट देख पसीज जाएगा दिल

Hardoi

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। अतरौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। जिस घर में अभी एक दिन पहले ही शादी की पहली सालगिरह का जश्न मनाया गया था, वहां अगले ही दिन 23 वर्षीय विवाहिता प्रियंका का शव फंदे से लटकता मिला। कमरे से बरामद सुसाइड नोट ने इस पूरी घटना को और भी दर्दनाक बना दिया है।

शादी की सालगिरह मनाकर लौटी थी मायके से

जानकारी के मुताबिक, अजमतपुर निवासी विशाल अपनी पत्नी प्रियंका को शनिवार को ही उसके मायके (अहिरावां गांव) से लेकर आया था। दोनों की शादी को एक साल पूरा हुआ था और उनकी एक डेढ़ महीने की मासूम बेटी भी है। रविवार दोपहर जब विशाल और उसके पिता मिश्रीलाल कैटरिंग के काम पर गए थे और घर की अन्य महिलाएं बकरी चराने गई थीं, तभी यह हादसा हुआ। घर लौटी ननद दीक्षा ने देखा कि मासूम बच्ची चारपाई पर रो रही है और प्रियंका का शव छत के कुंडे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ है।

सुसाइड नोट की आखिरी लाइन: ‘बिटिया का ख्याल रखना, खुशी से रहना यार’

पुलिस को मौके से प्रियंका के हाथ का लिखा एक बेहद भावुक सुसाइड नोट मिला है। इसमें प्रियंका ने अपनी मासूम बेटी और पति के लिए आखिरी संदेश छोड़ा है। नोट में लिखा था- “मेरी प्यारी बिटिया का ध्यान रखना। कुछ समझ नहीं आया और तुम कुछ नहीं करना, वरना बिट्टी का ख्याल कौन करेगा। खुशी से रहना यार। ओके बाय।” पत्र के अंत में “बाबू जी” भी लिखा हुआ है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।

दहेज हत्या या आत्महत्या? मायके और ससुराल पक्ष के अलग दावे

इस मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। प्रियंका की मां गीता ने दामाद विशाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि विशाल दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी। वहीं, पति विशाल का दावा है कि प्रियंका मानसिक रूप से बीमार चल रही थी और इसी परेशानी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

अतरौली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से मिले सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और उसकी लिखावट की जांच कराई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Check Also

UP Special TET 2026: यूपी स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा की तारीख घोषित, एग्जाम सिटी स्लिप जारी; जानें कब आएगा एडमिट कार्ड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET 2026) की तैयारी कर रहे …