
बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने के बाद निलंबित किए गए पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री बुधवार दाेपहर बरेली शहर से बाहर रवाना हो गए। इस दाैरान उनके समर्थकाें में आक्राेश फैल गया और सड़क पर जाम लगाने की काेशिश भी की। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह कहां के लिए निकले हैं। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इसके पहले आज बुधवार सुबह प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट के सरकारी आवास पर नोटिस चस्पा किया गया। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने अपर उप जिलाधिकारी सदर राम जनम यादव को प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया है।
उधर नोटिस चस्पा होने के कुछ ही देर बाद अलंकार अग्निहोत्री सरकारी आवास से बाहर निकले और बरेली से किसी अन्य ठिकाने के लिए रवाना हो गए। उन्हाेंने मीडिया से भी काेई बातचीत नहीं की। सुरक्षा के बीच अलंकार काे निकलते देख कर उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई। उनका आरोप है कि प्रशासन उन्हें जबरिया शहर छोड़ने के लिए मजबूर कर रहा है। कई समर्थकों ने जाम लगाने की कोशिश भी की लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति सामान्य बनाए रखी। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है।
voice of india