कानपुर (महाराजपुर): कहते हैं कि जब इश्क का भूत सिर पर चढ़ता है, तो इंसान को न अपनी उम्र का लिहाज रहता है और न ही समाज व परिवार की मर्यादा का। महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो वयस्क बच्चों के पिता की पड़ोसन से बढ़ती नजदीकियों ने एक महिला की जान ले ली। पति के अवैध संबंधों से परेशान होकर पत्नी ने इस नश्वर संसार को अलविदा कह दिया, मानो उसने अपने पति को उसकी ‘इश्कबाजी’ के लिए खुली छूट दे दी हो।
मोबाइल की चैटिंग ने बढ़ाई दूरियां
जानकारी के मुताबिक, महाराजपुर कस्बा निवासी एक व्यक्ति का प्रेम प्रसंग पड़ोस में ब्यूटी पार्लर और जन सेवा केंद्र चलाने वाली एक महिला से चल रहा था। पत्नी को जब इस बात की भनक लगी, तो उसने पति की निगरानी शुरू कर दी। दो दिन पहले पत्नी ने पति के मोबाइल से उसकी प्रेमिका के साथ हुई चैटिंग को अपने फोन पर ट्रांसफर कर लिया था। इस सबूत के हाथ लगते ही घर में कलह और बढ़ गई, जो अंततः एक दुखद अंत की ओर बढ़ गई।
अस्पताल में प्रेमिका के साथ पति को देख खोया आपा
वारदात वाले दिन मृतका का 18 वर्षीय बड़ा बेटा ‘फूड पॉइजनिंग’ के कारण रामादेवी स्थित एक अस्पताल में भर्ती था। पत्नी जब बेटे को खाना देने अस्पताल पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने अपने पति को उसी प्रेमिका के साथ देख लिया। गुस्से और ग्लानि में डूबी पत्नी ने तुरंत रामादेवी की एक दुकान से लिक्विड कीटनाशक खरीदा और पूरी शीशी पी ली।
रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने मायके वालों को फोन पर आपबीती सुनाई। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उसे उसी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसके बेटे का इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने जब जवाब दे दिया, तो उसे दो अन्य अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन शनिवार देर शाम उसने दम तोड़ दिया।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
रविवार को मृतका के भाई (निवासी प्रतापगढ़) ने महाराजपुर पुलिस को तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि विवाह के कई वर्षों तक सब ठीक था, लेकिन पिछले दो साल से उसके बहनोई की आदतें खराब हो गई थीं। आरोप है कि बहनोई ने अपनी प्रेम कहानी में बाधक बन रही बहन को जहर खिलाकर मार डाला है।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
थाना प्रभारी निरीक्षक महाराजपुर ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में स्पष्ट उल्लेख है कि पति के पड़ोस की महिला से प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
voice of india
