कानपुर देहात। झींझक के सुभाष नगर इलाके में सेना के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। जवान का शव उसके अपने ही घर के कमरे में नग्न अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल की स्थिति हत्या की ओर इशारा कर रही है, जिसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक 15 दिन पहले ही महाराष्ट्र से छुट्टी पर अपने घर आया था।
खून से लथपथ मिला शव, पास में पड़ी थी जहरीली शीशी
डेरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में जब पुलिस और परिजन पहुंचे, तो मंजर खौफनाक था। सेना के जवान आनंद उर्फ सुवेंद्र सिंह चौहान (38) का शव कमरे में पड़ा था। मौके पर खून के निशान मिले हैं और शव के पास ही शराब की बोतल, एक सिरिंज और जहरीले पदार्थ की शीशी बरामद हुई है। सुवेंद्र महाराष्ट्र के अहमदनगर में तैनात थे और इन दिनों अपने परिवार के साथ झींझक में किराए के मकान में रह रहे थे।
30 लाख का फंड और प्लॉट बना मौत की वजह?
मृतक के भाई राजेंद्र प्रताप सिंह और मौसी ने सुवेंद्र की पत्नी निधि पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि सुवेंद्र और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुवेंद्र ने हाल ही में सेना से करीब 30 लाख रुपये का फंड निकाला था और एक प्लॉट भी बेचा था। भाई का आरोप है कि इसी रकम के लालच में पत्नी और उसके मायके वालों ने मिलकर सुवेंद्र को रास्ते से हटा दिया।
दो दिन तक बंद रहा कमरा, बदबू आने पर खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुवेंद्र की पत्नी ने औरैया स्थित अपनी ससुराल में फोन कर सूचना दी कि दो दिन से कमरा अंदर से बंद है और वहां से तेज दुर्गन्ध आ रही है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव की स्थिति और मौके से मिले साक्ष्यों को संदिग्ध मानते हुए पत्नी को तुरंत हिरासत में ले लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
सीओ संजय सिंह ने बताया कि मामला बेहद पेचीदा है। घटनास्थल पर मिले खून के धब्बे और नग्न अवस्था में शव का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण जहर है या कोई और चोट, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस अवैध संबंधों और संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है।
voice of india
