Monday , 25 May 2026

उप्र में आसमानी आफत: 54 जिलों में भीषण लू का टॉर्चर, 10 जिलों में रेड अलर्ट के बीच 24 जनपदों में आंधी-बारिश की चेतावनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज दिन पर दिन जानलेवा होता जा रहा है। भीषण तपन, तीखी धूप और झुलसाने वाली गर्म हवाओं (लू) ने आम जनजीवन को बुरी तरह पटरी से उतार दिया है। सुबह होते ही सूरज की किरणें आग उगलने लगती हैं, जिसके कारण दोपहर के समय प्रदेश की सड़कों और बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसर जाता है। इस बीच, मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के 54 जिलों में ‘हीटवेव’ (लू) का अलर्ट जारी कर दिया है, जिसमें से 10 जिलों की स्थिति सबसे गंभीर देखते हुए वहां ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है। हालांकि, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ इलाकों में आंधी और बूंदाबांदी की उम्मीद भी जताई गई है।

बांदा में पारा 46.2 डिग्री के पार, प्रयागराज और झांसी भी भट्टी की तरह तपे

उत्तर प्रदेश के निवासियों को फिलहाल तपती गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शनिवार को एक बार फिर बुंदेलखंड का बांदा जिला पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, संगम नगरी प्रयागराज 46 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जबकि झांसी में पारा 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज भी तापमान की स्थिति कमोबेश ऐसी ही बनी रहेगी और पारे में किसी बड़े सुधार की गुंजाइश नहीं है।

मध्य असम में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, इन इलाकों में आंधी-बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस भीषण गर्मी के बीच राहत की एक छोटी किरण भी दिखाई दे रही है। दरअसल, मध्य असम के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, विशेषकर दिल्ली-एनसीआर से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने सूबे के 24 जिलों में धूलभरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

सावधान! इन 10 जिलों में मौसम विभाग का ‘रेड अलर्ट’

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के जिन 10 जिलों को अत्यधिक खतरनाक लू की श्रेणी में रखते हुए ‘रेड अलर्ट’ पर रखा है, वे मुख्य रूप से दक्षिण और पूर्वी हिस्से के हैं। इन जिलों के लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है:

  • बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर (भदोही)।

इन 23 जिलों में ‘ऑरेंज’ और 21 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी

मौसम के उतार-चढ़ाव को देखते हुए विभाग ने अन्य जिलों को भी चेताया है:

  • ऑरेंज अलर्ट (23 जिले): सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।

  • येलो अलर्ट (21 जिले): आजमगढ़, m m मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़ और कासगंज।

पश्चिमी यूपी के इन 24 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

गर्मी के थपेड़ों के बीच राहत की बौछारें पड़ने की उम्मीद पश्चिमी यूपी और रुहेलखंड के इलाकों में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग ने इन 24 जिलों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है:

  • सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और संभल। इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Check Also

लखनऊ में हैवानियत : UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को ट्रेन से उतारकर 3 दिन तक बंधक बनाया, नशीली कॉफी पिलाकर परिचित और उसके दोस्तों ने किया गैंगरेप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने …