वाराणसी/हरदोई: उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री न केवल काशी की जनता से संवाद करेंगे, बल्कि हरदोई में प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का लोकार्पण कर यूपी की कनेक्टिविटी की नई इबारत लिखेंगे। करीब 42,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के साथ प्रधानमंत्री का यह दौरा आगामी समय के लिए बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
काशी में परियोजनाओं की झड़ी और महिला सम्मेलन
पीएम मोदी के इस दौरे की शुरुआत 28 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे वाराणसी से होगी। यहाँ वे एक भव्य ‘महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे, जो नारी शक्ति के सशक्तिकरण का बड़ा संदेश देगा। इसी मंच से प्रधानमंत्री 6,350 करोड़ रुपये की 160 से अधिक परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें से 48 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिनका लोकार्पण होना है। मुख्य आकर्षणों में वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर के बहुप्रतीक्षित रेल ओवर ब्रिज (ROB) और भगवानपुर में 55 MLD क्षमता का आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शामिल है।
महादेव के चरणों में हाजिरी और धार्मिक कायाकल्प
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 29 अप्रैल की सुबह प्रधानमंत्री बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाएंगे। यहाँ पूजा-अर्चना के बाद वे काशी के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्थान के कार्यों को गति देंगे। इसमें चंद्रावती घाट का पुनर्विकास, सारंगनाथ मंदिर (सारनाथ) का पर्यटन विकास और अस्सी, दशाश्वमेध व नमो घाटों के आधुनिकीकरण की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही, 500 बेड वाले सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल की नींव रखकर प्रधानमंत्री वाराणसी को पूर्वांचल के सबसे बड़े मेडिकल हब के रूप में और मजबूती देंगे।
अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात और रेलवे का कायाकल्प
वाराणसी जंक्शन से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच गंगा नदी पर नया रेल-सह-सड़क पुल क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा। प्रधानमंत्री इसकी आधारशिला रखने के साथ ही दो नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों (बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई) को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे यूपी, एमपी और महाराष्ट्र के बीच सफर न केवल सुगम होगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नए पंख लगेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे: यूपी की नई लाइफलाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री के इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण 29 अप्रैल को हरदोई में होने वाला ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का भव्य उद्घाटन है। करीब 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बना 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक के 12 जिलों को जोड़ेगा। 6 लेन (जिसे 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है) वाले इस एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर महज 6 घंटे में सिमट जाएगा।
आपातकालीन हवाई पट्टी और आर्थिक गलियारा
गंगा एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा का समय घटाएगा, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अहम है। इसमें शाहजहांपुर के पास 3.5 किलोमीटर लंबी एक एयरस्ट्रिप (हवाई पट्टी) बनाई गई है, जिसका उपयोग आपात स्थिति में वायुसेना के विमान कर सकेंगे। इस एक्सप्रेसवे के दोनों ओर इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में रोजगार और निवेश का सबसे बड़ा जरिया बनेंगे।
voice of india
