Tuesday , 21 April 2026

प्रेम प्रसंग में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, ‘वफा’ में मिला धोखा तो प्रेमी ने चाकू से रेत दिया प्रेमिका का गला

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में काली नदी के किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महज 72 घंटों के भीतर पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इश्क, शक और फिर कत्ल की यह खौफनाक कहानी तब सामने आई जब पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और सोशल मीडिया की मदद से मृतका की शिनाख्त की। पुलिस ने आरोपी के पास से कत्ल में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

काली नदी किनारे मिली थी लहूलुहान लाश

मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि बीते 17 अप्रैल को जहानगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत काली नदी के किनारे एक युवती का शव बरामद हुआ था। युवती के गले पर धारदार हथियार के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने शव की पहचान के लिए डीसीआरबी और सोशल मीडिया का सहारा लिया, जिसके बाद उसकी शिनाख्त कन्नौज जिले के छिबरामऊ निवासी 18 वर्षीय प्रतीक्षा पाल उर्फ अंशिका के रूप में हुई।

तीन साल का प्यार और शक की दीवार

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी अनीस, जो कि सेंट्रल जेल चौराहा का रहने वाला है, ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अनीस ने बताया कि उसके और प्रतीक्षा के बीच पिछले 3 साल से प्रेम संबंध थे। हालांकि, पिछले कुछ समय से उसे शक होने लगा था कि प्रतीक्षा उससे दूरी बना रही है और किसी दूसरे युवक से बात करने लगी है। इसी ‘तीसरे’ की एंट्री ने अनीस के भीतर नफरत भर दी और उसने खौफनाक कदम उठाने की योजना बना ली।

बातों में उलझाकर बाइक पर बैठाया और कर दिया कत्ल

घटना वाले दिन आरोपी चाकू लेकर प्रतीक्षा के घर पहुंचा था। वह उसे बातचीत करने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाकर जहानगंज इलाके में काली नदी पुल के पास सुनसान झाड़ियों में ले गया। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में पागल हुए अनीस ने अपने पास रखे चाकू से प्रतीक्षा के गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जब उसे यकीन हो गया कि उसकी मौत हो गई है, तो वह उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी

मृतका के भाई की तहरीर पर 19 अप्रैल को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर आरोपी अनीस को धर दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (चाकू), उसका गमछा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस अब आरोपी को जेल भेजने के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Check Also

UP Board Result 2026: खत्म होने वाला है 55 लाख छात्रों का इंतजार, जानें कब और कैसे देख पाएंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए …