मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। थाना जैंत क्षेत्र के बाठी गांव में मंगलवार सुबह एक महिला का उसके ही घर के ऊपरी कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में गला कटा हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का शव बेड पर खून से लथपथ हालत में पड़ा था। अंदर से बंद कमरे में इस तरह से शव मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर हुआ शक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बाठी गांव के जाटव मोहल्ला निवासी विजया (पति राजपाल) घर में अकेली थीं। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उनके घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब लोगों ने देखा तो घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे और ऊपरी मंजिल के कमरे का मुख्य गेट भी भीतर से ही लॉक था।
पड़ोसी दूसरी छत के रास्ते पहुंचे तो उड़े होश
घर के दरवाजे बंद होने पर जब पड़ोसियों ने गौर से देखा तो पाया कि ऊपर वाले कमरे का एक छोटा दरवाजा खुला हुआ है। इसके बाद कुछ पड़ोसी पास वाली छत के रास्ते होकर कमरे के अंदर दाखिल हुए। अंदर का नजारा देखते ही उनके होश उड़ गए। विजया बेड पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं, उनका गला बेरहमी से कटा हुआ था और पूरे कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था।
पति फरीदाबाद में करता है नौकरी, बेटा आगरा में कार्यरत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मृतका का पति राजपाल हरियाणा के फरीदाबाद में नौकरी करता है। वहीं महिला के दो बेटे हैं, जिनमें से छोटा बेटा आगरा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। घटना के वक्त महिला घर पर अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर वरुण मिश्रा और थानाध्यक्ष जैंत सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और सभी कोणों से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के तथ्य सामने आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
voice of india
