Monday , 25 May 2026

लखनऊ के अस्पताल में सनसनीखेज वारदात: मिर्गी का इलाज कराने आई छात्रा से डॉक्टर ने किया दुष्कर्म; ओटी में नशीला इंजेक्शन देकर की दरिंदगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीकेटी (बख्शी का तालाब) थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक निजी अस्पताल में इलाज कराने आई छात्रा के साथ डॉक्टर ने ही दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि डॉक्टर ने छात्रा को नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की तैयारी शुरू कर दी है।

इलाज के बहाने ओटी में बुलाया, पिता को बाहर भेजा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा को बीते 18 मई को मिर्गी का दौरा पड़ने की शिकायत के बाद बीकेटी इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़िता का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल के डॉक्टर ने उसे बहला-फुसलाकर ऑपरेशन थिएटर (OT) में अकेले बुलाया। उस वक्त वार्ड में मौजूद महिला स्टाफ और छात्रा के पिता को डॉक्टर ने चालाकी से किसी काम के बहाने बाहर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने छात्रा को एक नशे का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे वह अर्धविक्षिप्त अवस्था में आ गई। इसी का फायदा उठाकर कलयुगी डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

होश आने पर पीड़िता ने बयां की दास्तां

वारदात को अंजाम देने के बाद डॉक्टर मौके से हट गया। कुछ समय बाद जब इंजेक्शन का असर कम हुआ और पीड़िता को होश आया, तब उसने रोते हुए अपने परिजनों को डॉक्टर की इस घिनौनी करतूत की जानकारी दी। अस्पताल के भीतर ऐसी हैवानियत की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने बिना देर किए तुरंत स्थानीय बीकेटी थाना पुलिस को मामले की सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी डॉक्टर हिरासत में, सीतापुर का रहने वाला है ‘दरिंदा’

गंभीर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी डॉक्टर को अस्पताल से ही दबोच लिया। आरोपी की पहचान सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र के निवासी डॉ. विजय कुमार गिरी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर बीकेटी थाने ले गई है, जहां उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

सील होगा अस्पताल, एसीएमओ ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

इस संवेदनशील मामले पर स्वास्थ्य विभाग ने भी कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। लखनऊ के एसीएमओ (ACMO) डॉ. ए.पी. सिंह ने पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए कहा कि यह घटना बेहद गंभीर और चिकित्सा पेशे को दागदार करने वाली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट में जैसे ही आरोपों की पुष्टि होगी, संबंधित अस्पताल का पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) तुरंत प्रभाव से निरस्त कर उसे हमेशा के लिए सील कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अस्पताल के अन्य स्टाफ और सीसीटीवी फुटेज के जरिए साक्ष्य जुटाने में लगी है।

Check Also

लखनऊ में हैवानियत : UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को ट्रेन से उतारकर 3 दिन तक बंधक बनाया, नशीली कॉफी पिलाकर परिचित और उसके दोस्तों ने किया गैंगरेप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने …