Tuesday , 28 July 2026

कुशीनगर में सनसनीखेज वारदात: एकतरफा इश्क में सनकी जीजा ने साली को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया; ससुराल में पसरा मातम

तरयासुजान (कुशीनगर)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार के जुनून ने दो जिंदगियां लील लीं। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला बुजुर्ग गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के भीतर से लगातार तीन गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। सनकी जीजा ने पहले अपनी 18 वर्षीय साली की गोली मारकर हत्या की और फिर उसी तमंचे से खुद के सिर में भी गोली मार ली। मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

शादी के 11 महीने बाद ही खूनी खेल

जानकारी के मुताबिक, बसडीला बुजुर्ग निवासी शंभू प्रजापति की पुत्री बेबी की शादी करीब 11 माह पूर्व बिहार के गोपालगंज जिले (थाना कुचायकोट) के धर्मचक निवासी जितेंद्र प्रजापति के साथ हुई थी। आरोपी दामाद जितेंद्र मंगलवार शाम करीब 7 बजे अपनी ससुराल आया था। उस समय घर पर उसकी सास गोदमा देवी और साली नैना कुमारी (18 वर्ष) मौजूद थीं। ग्रामीणों के अनुसार, रात में घर के भीतर कुछ कहासुनी की आवाजें आई थीं, लेकिन परिजनों ने इसे सामान्य पारिवारिक बातचीत समझकर ध्यान नहीं दिया।

साली ने ठुकराया था बुलावा, जीजा ने रची साजिश

एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि प्रथमदृष्टया यह मामला एकतरफा प्रेम प्रपंच और सनक का प्रतीत होता है। इसी महीने जितेंद्र के भाई की शादी होनी थी, जिसके लिए वह नैना को बुलाने ससुराल आया था। हालांकि, नैना ने जीजा की गलत नीयत को भांपते हुए अपनी बहन के घर जाने से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज जितेंद्र ने हत्या और खुदकुशी की खौफनाक साजिश रची और पूरी तैयारी के साथ बिहार से देसी तमंचा लेकर ससुराल पहुंचा था।

खिड़की से झांका तो फर्श पर पड़ा था खून से लथपथ शव

बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब घर से तीन फायर की आवाज आई, तो आसपास के लोग सहम गए। नैना की मां गोदमा देवी ने बताया कि वह भोजन कर रही थीं, तभी गोलियों की आवाज सुनकर कमरे की ओर भागीं, लेकिन तब तक सनकी दामाद ने अंदर से फाटक बंद कर लिया था। ग्रामीणों ने जब खिड़की से देखा तो कमरे के भीतर जीजा और साली के खून से सने शव जमीन पर पड़े थे। सूचना मिलते ही एसएचओ तमकुहीराज गिरिजेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। एएसपी ने बताया कि अभियुक्त पूरी तैयारी के साथ आया था, जो इस बात की पुष्टि करता है कि हत्या सुनियोजित थी। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Check Also

UP IPS Transfer: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल! 15 IPS अधिकारियों का तबादला, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और कार्यकुशल बनाने …