भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जाने-माने निजी स्किन क्लीनिक के संचालक डॉक्टर पर एक युवती ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने “पॉइजन एंटी स्किन क्लीनिक” के संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता के खिलाफ महिला थाना में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी डॉक्टर फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
इलाज कराने आई युवती को बनाया शिकार
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के जयपुर की रहने वाली एक युवती अपना त्वचा रोग (Skin Treatment) ठीक कराने के लिए भोपाल स्थित आरोपी के क्लीनिक पर आई थी। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने उसे अपनी बातों में फंसाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि भोपाल में पहली बार गलत काम करने के बाद आरोपी उसे चेन्नई ले गया, जहां एक होटल में भी उसका शारीरिक शोषण किया गया।
गर्भपात की गोलियां और ब्लैकमेलिंग का खेल
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी, जिसके बाद आरोपी ने उसे धोखे से गर्भपात की गोलियां दे दीं। इन गोलियों के असर से एयरपोर्ट पर पीड़िता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे भारी ब्लीडिंग होने लगी। इतना ही नहीं, डॉक्टर पर यह भी आरोप है कि उसने युवती के कुछ निजी वीडियो बना लिए थे। आरोपी ने कथित तौर पर ये वीडियो पीड़िता के भाई को भेजकर उसे डराने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की।
पुराना अपराधी है आरोपी, मुंबई की मॉडल से भी की थी दरिंदगी
जांच में यह भी सामने आया है कि डॉ. अभिनीत गुप्ता का विवादों से पुराना नाता है। साल 2019 में मुंबई में मॉडलिंग कर रही एक अन्य युवती ने भी आरोपी पर इसी तरह दुष्कर्म करने के आरोप लगाए थे। पीड़िता का कहना है कि आरोपी रसूखदार है और उस पर दबाव बनाने के लिए कानूनी साजिशें भी रचता है। बताया जा रहा है कि मरीजों के साथ ठगी के एक मामले में भोपाल कंज्यूमर कोर्ट पहले भी इस डॉक्टर को सजा सुना चुका है।
एफआईआर की भनक लगते ही डॉक्टर हुआ फरार
मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि शुरुआत में कोलार पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद अब महिला थाना में केस दर्ज किया गया है। एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी डॉक्टर अपना मोबाइल बंद कर शहर से फरार हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
voice of india
