
बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में नवाबों के शहर लखनऊ पहुंचे। हालांकि, इस दौरे के दौरान उनकी फिल्म से ज्यादा उनकी शाही सवारी और गाड़ियों का भारी-भरकम काफिला सुर्खियों में बना हुआ है। राजधानी की सड़कों पर सलमान खान जिस लग्जरी और सुरक्षित गाड़ी में सफर करते नजर आए, वह जौनपुर के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता धनंजय सिंह की बुलेटप्रूफ लैंड क्रूजर थी। बताया जा रहा है कि सलमान खान की मेजबानी और सुरक्षा के लिए धनंजय सिंह की तरफ से गाड़ियों का एक पूरा काफिला भेजा गया था, जिसमें उनके बेहद करीबी लोगों के साथ-साथ निजी सुरक्षाकर्मी भी मुस्तैदी से तैनात रहे।
चित्रांगदा सिंह के साथ पहुंचे थे राजधानी, वीडियो हुआ वायरल बीते शुक्रवार को सलमान खान अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के साथ अपनी फिल्म का प्रचार करने के लिए लखनऊ आए थे। जैसे ही भाईजान के शहर में आने की खबर फैली, एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक उनके प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। भारी भीड़ और सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए प्रशासन और आयोजकों की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे। इसी बीच, पूर्व सांसद धनंजय सिंह की बुलेटप्रूफ लैंड क्रूजर में बैठकर सफर करते हुए सलमान खान के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद सियासी और फिल्मी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
बॉडीगार्ड शेरा और धनंजय सिंह की पुरानी मुलाकात आई काम सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सलमान खान के सबसे भरोसेमंद बॉडीगार्ड शेरा के आग्रह पर ही धनंजय सिंह ने अपनी यह खास बुलेटप्रूफ लैंड क्रूजर उपलब्ध कराई थी। दरअसल, कुछ समय पहले लखनऊ में उत्तराखंड के एक विधायक द्वारा आयोजित पार्टी में धनंजय सिंह और शेरा की मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद जब सलमान के लखनऊ दौरे का कार्यक्रम तय हुआ, तो शेरा पहले ही राजधानी पहुंच गए और धनंजय सिंह के आवास पर ठहरे। वहां उन्होंने सलमान की सुरक्षा के मद्देनजर एक बुलेटप्रूफ गाड़ी की आवश्यकता जताई, जिस पर धनंजय सिंह ने तुरंत लैंड क्रूजर के साथ गाड़ियों का पूरा काफिला भेज दिया।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी के बाद बढ़ी है सतर्कता एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के तहत यूपी पुलिस की तरफ से भी सलमान खान को पर्याप्त सुरक्षा घेरा प्रदान किया गया था। बावजूद इसके, बाहुबली नेता की बुलेटप्रूफ गाड़ी के इस्तेमाल ने सभी का ध्यान खींचा है। गौरतलब है कि बीते दिनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से मिली धमकियों के बाद से ही सलमान खान की सुरक्षा को लेकर देशभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यही वजह है कि सरकारी सुरक्षा के साथ-साथ उनकी निजी सुरक्षा टीम भी हर कदम पर बेहद सख्त और चौकन्नी नजर आ रही है।
voice of india