
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आबूलेन बाजार स्थित एक होटल में गाजियाबाद की रहने वाली एक हिंदू युवती को रातभर बंधक बनाकर रखने और उसके साथ बेरहमी से टॉर्चर करने का आरोप लगा है। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी कोई और नहीं, बल्कि युवती का पूर्व प्रेमी सलमान बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जब मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर बाहर भागी, तो आरोपी ने उसका पीछा करते हुए उसे बीच बाजार सड़क पर गिरा दिया और बाल पकड़कर बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। सरेआम एक युवती के साथ हो रही इस हैवानियत को देखकर मौके पर व्यापारियों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने तुरंत युवती को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और आरोपी युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि भीड़ के गुस्से से बचने के लिए आरोपी वापस ‘स्क्वायर होटल’ के भीतर भाग गया और छत पर चढ़कर पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया। आरोप यह भी है कि होटल के कर्मचारियों ने ही आरोपी सलमान को भगाने में मदद की।
गाजियाबाद के मॉल में हुई थी दोस्ती, शादी तय होने पर युवती ने तोड़ा था संपर्क
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सलमान मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित रोहटा रोड के जैनपुर का निवासी है और वह पीड़ित युवती का पूर्व प्रेमी रह चुका है। करीब दो साल पहले सलमान की मुलाकात गाजियाबाद के एक मॉल में इस युवती से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों ने मिलकर परतापुर के रिठानी इलाके में एक होटल किराए पर लिया और साझेदारी में कारोबार शुरू किया, लेकिन व्यापार में घाटा होने के कारण वह होटल बंद हो गया। इसी बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, जिसके बाद युवती ने सलमान से पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया था। सोमवार को युवती अपनी एक सहेली से मिलने के लिए मेरठ आई थी, तभी सहेली के परिचित कृष्णा ने सलमान को युवती के मेरठ आने की सूचना दे दी। इसके बाद कृष्णा युवती, उसकी सहेली और सहेली की भाभी को लेकर आबूलेन बाजार स्थित ‘स्क्वायर होटल’ पहुंचा, जहां कृष्णा खुद मैनेजर बताया जा रहा है। होटल में सलमान पहले से ही मौजूद था, जो युवती को एक अलग कमरे में ले गया और पूरी रात उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित करता रहा।
होटल में बिना एंट्री दिए जा रहे थे कमरे, आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की दो टीमें
मंगलवार दोपहर जब युवती किसी तरह कमरे से निकलकर आबूलेन के बीच बाजार में पहुंची और शोर मचाया, तो पीछे से आए सलमान ने उसे सड़क पर पटक कर पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद भीड़ ने उसकी धुनाई कर दी। इस मामले की जांच के दौरान होटल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई है, जहां बिना किसी रजिस्टर एंट्री के तीन प्रेमी युगलों को कमरे आवंटित किए गए थे। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, घटना के विरोध में अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी सलमान के एनकाउंटर और नियमों की अनदेखी करने वाले होटल को तत्काल सील करने की मांग उठाई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
voice of india