Wednesday , 29 April 2026

बंगाल में दूसरे चरण का रण: दक्षिण 24 परगना में भाजपा कैंडिडेट की गाड़ी के शीशे तोड़े, हुगली में TMC-ISF के बीच खूनी संघर्ष….देखें VIDEO

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज लोकतंत्र का महापर्व पूरे उत्साह और भारी तनाव के बीच मनाया जा रहा है। 142 सीटों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक राज्य में 18.39% मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 5:30 बजे से ही लोग बूथों पर पहुंचने शुरू हो गए थे, जिनमें महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक नजर आ रही है। हालांकि, वोटिंग के बीच कई जिलों से हिंसक झड़पों और धांधली की खबरें भी सामने आ रही हैं।

साउथ 24 परगना में बीजेपी प्रत्याशी पर हमला

साउथ 24 परगना जिले से हिंसा की बड़ी खबर आई है। बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरदार का दावा है कि ‘TMC के गुंडों’ ने उनकी कार पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, उनके सुरक्षाकर्मी की बंदूक छीनने की कोशिश भी की गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, नादिया के छपरा में भी स्थिति तनावपूर्ण है, जहां बीजेपी एजेंटों ने लाठी-रॉड से हमले का आरोप लगाया है।

हावड़ा में EVM पर हंगामा, हुगली में भिड़े समर्थक

हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब EVM में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख CRPF के जवानों ने मोर्चा संभाला और दो लोगों को हिरासत में लिया। दूसरी तरफ, हुगली जिले के खानकुल में ‘नकली पोलिंग एजेंट’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया। यहां टीएमसी और आईएसएफ (ISF) समर्थक आपस में भिड़ गए, जिसके बाद बूथ पर काफी देर तक मतदान बाधित रहा।

2021 के गढ़ को बचाने की चुनौती

आज जिन 142 सीटों पर मतदान हो रहा है, वे राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने इन 142 में से 123 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल की थी। बीजेपी के लिए यह चरण सेंधमारी करने का बड़ा मौका है, तो टीएमसी के लिए अपना किला बचाने की चुनौती। बता दें कि पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को रिकॉर्ड 93% मतदान हुआ था, जिसने सभी को हैरान कर दिया था।

4 मई को आएगा फैसला

बंगाल के इस सियासी घमासान का नतीजा 4 मई को घोषित किया जाएगा। आज हो रहे मतदान में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है। चुनाव आयोग ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

साउथ 24 परगना में बीजेपी उम्मीदवार की कार में तोड़फोड़

साउथ 24 परगना जिले में बसंती के बूथ नंबर 76 पर बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार ने कहा कि टीएमसी के गुंड़ों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। उनके सुरक्षाकर्मी की बंदूक छीनने की कोशिश भी की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव है।

बारानगर में बारिश के बीच वोटिंग के लिए लाइन में खड़े दिखे लोग

बारानगर में लगातार बारिश के बावजूद मतदान जारी है। लोग बारिश में भी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ के बाहर कतारों में खड़े नजर आए।

ममता और उनके लोगों पर वोटर्स को धमकाने का आरोप

नॉर्थ 24 परगना जिले में कुछ वोटर ने सीएम ममता बनर्जी पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान माहौल डराने वाला बनाया जा रहा है।

एक वोटर ने कहा कि ममता बनर्जी को लग रहा है कि वह चुनाव हार रही हैं, इसलिए वह अपने साथ लोगों को लेकर आईं। आरोप है कि उनकी गाड़ी से एक व्यक्ति उतरा और लोगों को धमकी दी।

बंगाल में हिंसा से जुड़ी 5 तस्वीरें…

बीजपुर में निर्दलीय प्रत्याशी और कांचरापाड़ा म्युनिसिपैलिटी के काउंसलर के बीच मारपीट हुई।
बीजपुर में निर्दलीय प्रत्याशी और कांचरापाड़ा म्युनिसिपैलिटी के काउंसलर के बीच मारपीट हुई।
BJP कार्यकर्ता मोशर्रफ मीर ने आरोप लगाया कि चापड़ा के बूथ के बाहर TMC कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया।
BJP कार्यकर्ता मोशर्रफ मीर ने आरोप लगाया कि चापड़ा के बूथ के बाहर TMC कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया।
हुगली में नकली पोलिंग एजेंट बैठाने को लेकर TMC और ISF कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई।
हुगली में नकली पोलिंग एजेंट बैठाने को लेकर TMC और ISF कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई।
हावड़ा में EVM में गड़बड़ी की बात को लेकर हंगामा कर रहे 2 लोगों को CRPF ने हिरासत में लिया।
हावड़ा में EVM में गड़बड़ी की बात को लेकर हंगामा कर रहे 2 लोगों को CRPF ने हिरासत में लिया।
साउथ 24 परगना में BJP उम्मीदवार विकास सरदार ने TMC कार्यकर्ताओं की कार पर हमला करने का आरोप लगाया।
साउथ 24 परगना में BJP उम्मीदवार विकास सरदार ने TMC कार्यकर्ताओं की कार पर हमला करने का आरोप लगाया।

Check Also

कराची में ‘मौत’ के गुब्बारों से जल रहा चूल्हा: ईरान-अमेरिका तनाव ने रसोई तक पहुंचाया संकट, जान जोखिम में डालकर गैस भरने को मजबूर लोग

कराची: ईरान और अमेरिका के बीच गहराते युद्ध और क्षेत्रीय तनाव की तपिश अब आम …