Saturday , 8 August 2026

प्रयागराज में राहुल गांधी का महाजुटान : ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में गूंजेगा युवाओं का आवाज, पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरने की तैयारी !

उत्तर प्रदेश के संगमनगरी प्रयागराज में शनिवार को सियासी हलचल बेहद तेज रहने वाली है। कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी प्रयागराज पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी शाम को प्रयागराज के ऐतिहासिक केपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में हजारों की संख्या में जुटने वाले छात्रों और युवाओं को संबोधित करेंगे। इस भव्य आयोजन को लेकर कांग्रेस की ओर से तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शाम 5 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम, राहुल गांधी उठाएंगे बड़े मुद्दे

प्रशासनिक और पार्टी सूत्रों के अनुसार, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से होगी। राहुल गांधी शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच मुख्य मंच पर पहुंचकर युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि इस मंच से राहुल गांधी नीट (NEET) पेपर लीक, सरकारी नौकरियों की भर्तियों में हो रही देरी, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के अनिश्चित भविष्य जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। दिल्ली में छात्र आंदोलनों को समर्थन देने के बाद प्रयागराज का यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

1.78 लाख छात्रों का रजिस्ट्रेशन, 250 जगहों पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग

युवाओं को साधने के लिए आयोजित इस बड़े कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी ने पहले ही एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि यह मंच युवाओं की बात सुनने, उनकी समस्याओं को समझने और उनके बेहतर भविष्य पर खुली चर्चा करने के लिए तैयार किया गया है। कांग्रेस पार्टी का दावा है कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रिकॉर्ड 1.78 लाख छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया है। व्यापक जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी ने प्रदेश और देश भर में करीब 250 स्थानों पर इस पूरे कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है।

कड़ी शर्तों और लिखित आश्वासन के बाद मिली मैदान की अनुमति

आयोजन से पहले मैदान की मंजूरी को लेकर प्रशासन और आयोजकों के बीच काफी खींचतान देखने को मिली। शुरुआत में अनुमति न मिलने के बाद, यूपी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा दिए गए लिखित वचन पत्र (अंडरटेकिंग) के आधार पर कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) ने निरस्तीकरण का आदेश वापस लिया। केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह को सौंपे गए पत्र में अजय राय ने आश्वस्त किया कि मैदान की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और केवल तय हिस्से का ही उपयोग होगा ताकि छात्रों की खेलकूद गतिविधियों पर कोई असर न पड़े।

कोर्ट के आदेशों का होगा पालन, नुकसान की भरपाई करेगी कांग्रेस

अजय राय ने अपने पत्र में यह साफ किया कि कार्यक्रम पूरी तरह से गैर-व्यावसायिक है और इसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के जनहित में पारित आदेशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने लिखित में जिम्मेदारी ली है कि यदि आयोजन के दौरान खेल मैदान को कोई भी नुकसान पहुंचता है, तो उसकी पूरी मरम्मत और भरपाई कांग्रेस कमेटी खुद कराएगी। इस औपचारिकता के बाद ही ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने शर्तों के अधीन कार्यक्रम के आयोजन को हरी झंडी दी।

 

 

 

Check Also

युवाओं को बड़ा मंच देने की तैयारी: अब यूपी में IAS, IPS और IFS अधिकारी छात्रों को देंगे करियर टिप्स, योगी सरकार का बड़ा फैसला

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के युवाओं का भविष्य संवारने और उन्हें सही …