
प्रयागराज संगम नगरी प्रयागराज के हंडिया इलाके में मंगलवार शाम सरेराह हुई एक खूनी वारदात से पूरा इलाका दहल उठा। गंगानगर जोन के हंडिया थाना क्षेत्र में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नरेट और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सपा नेता को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर वारदात जानकारी के अनुसार, मुंगराव गांव निवासी पवन यादव हंडिया खास इलाके में पिलर नंबर 52 के पास खड़े होकर कुछ परिचितों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दुस्साहस की पराकाष्ठा यह रही कि घटनास्थल हंडिया थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। गोली पवन यादव की पीठ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से तेजी से फरार हो गए।
घात लगाकर बैठे थे शूटर, रेकी की आशंका प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश पहले से घात लगाकर पवन यादव के आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को अंदेशा है कि शूटर पिछले कई दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और उनकी रेकी की जा रही थी। वारदात की सूचना पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या प्रधानी की चुनावी दुश्मनी का एंगल हो सकता है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे हमलावर, दो ने पहन रखा था हेलमेट वारदात के बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी घटना कैद मिली है। फुटेज में बाइक सवार तीन हमलावर नजर आ रहे हैं, जिनमें से दो ने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं जो फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और भागने के रूट को ट्रैक कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शूटरों की पहचान कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
voice of india