Sunday , 28 June 2026

लखनऊ में हाहाकार: चिनहट के कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, 4 किमी दूर से दिखा धुएं का गुबार, खाली कराई गई पूरी कॉलोनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की बेहद बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। चिनहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे स्थित एक बड़े कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह है कि पिछले 5 घंटों से इसे बुझाने का प्रयास लगातार जारी है, लेकिन अभी तक इस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आसमान में तकरीबन 4 किलोमीटर दूर से ही काले धुएं का एक विशाल गुबार साफ देखा जा सकता है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

दमकल की 15 गाड़ियां और हाइड्रोलिक मशीनें मोर्चे पर, 50 घर खाली कराए

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की 15 से ज्यादा गाड़ियां और 2 अत्याधुनिक हाइड्रोलिक मशीनें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। आग की लपटें इतनी तेज हैं कि आसपास की रिहायशी आबादी पर भी खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए कोल्ड स्टोरेज के पास बनी कॉलोनी के 50 से अधिक घरों को तुरंत खाली करा लिया है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

20 साल पुराने हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भरा था करोड़ों का किराना सामान

बताया जा रहा है कि यह हादसा करीब 20 साल पुराने ‘हिमालयन कोल्ड स्टोरेज’ में हुआ है। इस कोल्ड स्टोरेज में भारी मात्रा में हल्दी, सूखी मिर्च, मसाले और किराने का अन्य कीमती सामान स्टोर करके रखा गया था। आग लगने की सूचना मिलते ही कोल्ड स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल करोड़ों रुपये का माल जलकर राख होने का अनुमान है, लेकिन सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी भी तरह की जनहानि या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

मिर्च-मसाले के तीखे धुएं ने बढ़ाई मुश्किल, खांसते हुए बाहर निकले दमकलकर्मी

फायर फाइटर्स को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में सबसे बड़ी चुनौती कोल्ड स्टोरेज के भीतर रखे मिर्च और मसालों से आ रही है। जैसे ही दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, वैसे ही मिर्च के तीखे झार और दमघोंटू धुएं के कारण सभी को भयानक खांसी और आंखों में जलन होने लगी, जिसके चलते उन्हें तुरंत पीछे हटना पड़ा। इसके बाद रणनीति बदलते हुए दमकल की टीमों ने टिन शेड के ऊपर से और हाईड्रोलिक मशीन की मदद से ऊपर से पानी की बौछारें मारकर आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं।

Check Also

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड: एक्शन में खाकी; मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समेत सभी गुनहगारों के घरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, चप्पा-चप्पा खंगाल रही टीमें

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में भव्य राम मंदिर के चढ़ावे और कैश काउंटिंग में करोड़ों रुपये …