Wednesday , 11 February 2026

ऑपरेशन प्रहार-2: पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 151 ठिकानों पर एक साथ छापा,पंजाबी गायिका समेत 125 दबोचे

Oc4ll51c punjab police operation prahar 2 625x300 10 February

चंडीगढ़/खन्ना। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के आदेश पर शुरू हुए ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ (Operation Prahar-2) के पहले ही दिन खन्ना पुलिस ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई में पुलिस की टुकड़ियों ने जिले के खन्ना, पायल और समराला में एक साथ 151 जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस मेगा ऑपरेशन में पुलिस ने गैंगस्टर, नशा तस्कर और फरार अपराधियों समेत कुल 125 लोगों को हिरासत में लिया है। सबसे चौंकाने वाली गिरफ्तारी माछीवाड़ा साहिब से हुई है, जहां मशहूर पूर्व पंजाबी गायिका परमजीत कौर पम्मी और उसका भाई हेरोइन के साथ पकड़े गए हैं।

तड़के 4 बजे एक्शन, खौफ में आए अपराधी

एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पुलिस ने इस ऑपरेशन के लिए पुख्ता इंटेलिजेंस इनपुट तैयार किए थे। शनिवार तड़के करीब 4 बजे, जब शहर सो रहा था, पुलिस की भारी फोर्स ने संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी कर ली। इस कार्रवाई में 3 एक्टिव गैंगस्टर, 45 वांछित अपराधी (Wanted Criminals), 46 अपराध निवारण के तहत संदिग्ध और 2 फरार आरोपियों को दबोचा गया। इसके अलावा 29 अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

हेरोइन के साथ पकड़ी गई पंजाबी गायिका पम्मी

ऑपरेशन के दौरान पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता मिली जब माछीवाड़ा साहिब के कोहाड़ा रोड पर गश्त के दौरान एक महिला और युवक को संदिग्ध हालात में रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव रहीमाबाद खुर्द निवासी भाई-बहन सरवन सिंह और परमजीत कौर पम्मी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, परमजीत कौर पहले पंजाबी गायिका रह चुकी है और उस पर पहले भी आपराधिक केस दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

ड्रग मनी और अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस की इस बड़ी रेड में केवल गिरफ्तारियां ही नहीं हुईं, बल्कि भारी मात्रा में गैर-कानूनी सामान भी जब्त किया गया है। एसएसपी ने जानकारी दी कि टीमों ने 4 लाख रुपये की ड्रग मनी, 321.15 ग्राम हेरोइन, 1 किलो अफीम, 60 नशीले कैप्सूल और 3 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इसके साथ ही एक कार, 4 जिंदा कारतूस, 8 महंगे मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच भी जब्त की गई है। यह बरामदगी पंजाब में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

अपराधियों को चेतावनी: किसी को बख्शा नहीं जाएगा

एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने साफ लहजे में कहा कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल सफेदपोश हो या कोई नामी हस्ती, कानून सबके लिए बराबर है। एसएसपी ने जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सके।

Check Also

698af7ba17d40 om birla 10174166 16x9

संसद में संग्राम: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस, राहुल गांधी ने नहीं किए साइन, जानें क्या है पूरा गणित

नई दिल्ली। भारतीय संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में एक और बड़ा मोड़ आ गया है। …