Monday , 15 June 2026

एक औरत, दो आशिक और खूनी खेल : प्यार-धोखे की ऐसी कहानी जिसने सबको चौंका दिया…कातिल हसीना ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

6980a343da911 qatil ishq 021437909 16x9

मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में प्यार, धोखे और कत्ल की एक दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है। यहां एक शातिर प्रेमिका ने अपने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर अपने पहले प्रेमी की बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए लाश को कंबल में लपेटा गया और पास के एक नाले में फेंक दिया गया, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से कातिल बच नहीं सके। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए कातिल प्रेमिका और उसके दूसरे आशिक को गिरफ्तार कर लिया है।

नाले में मिली लाश से खुला राज

इस खूनी खेल का खुलासा रविवार को उस वक्त हुआ, जब नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में सरवट फाटक के पास एक नाले में कंबल में लिपटी एक लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त शुरू की। मृतक की पहचान पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरीनगर गांव के रहने वाले संजीव उर्फ जीवन के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत गला घोंटने की वजह से हुई है।

एक सुराग और कातिल प्रेमिका तक पहुंची पुलिस

परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजीव शनिवार को यह कहकर घर से निकला था कि वह अपनी एक महिला मित्र से मिलने शहर जा रहा है, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। “महिला मित्र” का यह सुराग पुलिस के लिए अहम साबित हुआ। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो संजीव की महिला मित्र सोनिया पर शक गहरा गया। पुलिस ने जब सोनिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गई और उसने हत्या का पूरा राज उगल दिया।

प्यार के त्रिकोण में उलझी कत्ल की कहानी

सोनिया ने जो कहानी बताई, वह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। उसने बताया कि उसकी ससुराल हरसोली गांव में है, जहां उसका प्रेम प्रसंग सादिक नाम के एक युवक से चल रहा था। लेकिन उसकी जिंदगी में एक और शख्स था, और वो था संजीव। सोनिया का शादी से पहले करीब 12 साल से संजीव के साथ भी प्रेम संबंध था। जब इस बात की भनक दूसरे प्रेमी सादिक को लगी, तो वह आग-बबूला हो गया। इसके बाद सोनिया और सादिक ने मिलकर संजीव को हमेशा के लिए अपने रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

घर बुलाकर ऐसे दिया वारदात को अंजाम

प्लान के मुताबिक, शनिवार को सोनिया ने संजीव को बहाने से अपने किराए के मकान पर बुलाया। वहां सादिक पहले से ही छिपकर बैठा था। जैसे ही संजीव घर के अंदर आया, दोनों उस पर टूट पड़े और रस्सी से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। कत्ल के बाद दोनों ने लाश को एक कंबल में लपेटा और घसीटते हुए ले जाकर पास के नाले में फेंक दिया ताकि किसी को पता न चले।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने बेहतरीन काम करते हुए 24 घंटे में केस को सुलझा लिया। दोनों आरोपियों सोनिया और सादिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हुई रस्सी भी बरामद कर ली गई है।


Check Also

राजस्थान में बेची जा रही थीं यूपी की बेटियां ! लखनऊ पुलिस ने किया इंसानी सौदागरों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, दंपति समेत 6 गिरफ्तार

मोहनलालगंज (लखनऊ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे मोहनलालगंज इलाके में पुलिस ने नाबालिग …