Sunday , 19 April 2026

आतंकी संबंधों काे लेकर एनआईए-एटीएस ने बाराबंकी से युवक काे किया गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट बनी….

C32aa0f636f68763e18fe82b01d8721d

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया. युवक पर आतंकियों से संपर्क होने का गंभीर शक है, जिसके बाद एजेंसियां उसे अपने साथ लखनऊ ले जाकर पूछताछ कर रही हैं. यह कार्रवाई नगर कोतवाली क्षेत्र के सफेदाबाद स्थित हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में की गई.

कैंसर पीड़ित मां का इलाज कराने आया था दिल्ली से

पकड़े गए संदिग्ध युवक की पहचान बदोसराय थाना क्षेत्र के खोर एत्मादपुर गांव निवासी राम लखन के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, राम लखन दिल्ली में एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स कंपनी में काम करता है. उसकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज सफेदाबाद के हिंद इंस्टीट्यूट में चल रहा है. राम लखन अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए दो दिन पहले ही दिल्ली से बाराबंकी आया था. मंगलवार को जब वह अस्पताल में अपनी मां के पास था, तभी NIA और ATS की टीम ने उसे दबोच लिया.

सोशल मीडिया पोस्ट बनी शक की वजह?

जांच एजेंसियों के रडार पर राम लखन कैसे आया, इसका एक सिरा उसके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ रहा है. पुलिस के अनुसार, राम लखन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है. फेसबुक पर उसका ‘रामलखन पासी 3628’ नाम से अकाउंट है, जिस पर करीब 6,300 फॉलोअर्स हैं. हाल ही में उसने एक पोस्ट की थी, जिसमें उसने दो फरवरी को सीतापुर स्थित महाराजा छीता पासी के किले पर जाने की बात लिखी थी. सुरक्षा एजेंसियां अब इस पोस्ट के एंगल से भी मामले की गहराई से जांच कर रही हैं.

गांव में घर की तलाशी, खाली हाथ लौटी टीम

राम लखन को हिरासत में लेने के बाद टीमों ने उसके गांव खोर एत्मादपुर में भी दबिश दी. युवक के छोटे भाई शिवम ने बताया कि लगभग छह गाड़ियों में भरकर आई टीम ने गांव पहुंचकर मशीनों की मदद से करीब आधे घंटे तक उनके घर की सघन तलाशी ली. हालांकि, तलाशी के दौरान टीम को कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली. ग्रामीणों ने बताया कि राम लखन का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. उसके पिता झम्मन अपनी पत्नी के इलाज के लिए अपनी 16 बीघा जमीन में से 8 बीघा गिरवी रख चुके हैं.

एसपी ने की हिरासत की पुष्टि

बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि संदिग्ध राम लखन को आतंकी कनेक्शन के शक में हिरासत में लिया गया है. NIA और ATS की टीमें उसे लखनऊ ले गई हैं, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है. स्थानीय पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी है.


 

Check Also

मिडिल ईस्ट में खलबली: क्या अमेरिका को ठेंगा दिखाकर ईरान को हथियार दे रहा चीन? तेहरान में 4 ‘रहस्यमयी’ विमानों की लैंडिंग से हड़कंप

नई दिल्ली/बीजिंग/तेहरान: पश्चिम एशिया के धधकते हालातों के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है …