Monday , 23 November 2026

Muzaffarnagar Double Murder: यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर खूनी रंजिश में डबल मर्डर, घर के गेट पर पिता-पुत्र को गोलियों से भूना; एसएसपी ने खुलासे के लिए बनाईं 4 टीमें

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र अंतर्गत यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित दादूपुर गांव में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार कुछ हथियारबंद हमलावरों ने घर के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर को गोलियों से भून दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल दोनों पिता-पुत्र को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे।

एक साल पुराने मोनू हत्याकांड का बदला लेने की आशंका

प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के तार करीब एक साल पहले हुए चर्चित मोनू हत्याकांड की पुरानी रंजिश से जुड़े बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि उसी हत्या का बदला लेने के इरादे से पिता-पुत्र को मौत के घाट उतारा गया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का आरोप पुरकाजी थाने के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश और उसके साथियों पर लगाया गया है, जिन्होंने मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।

यूपी और उत्तराखंड पुलिस के बीच सीमा क्षेत्र की जांच, एसएसपी पहुंचे मौके पर

वारदात की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों ही राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच-पड़ताल के दौरान मृतकों के आधार कार्ड, बिजली के बिल और राशन कार्ड उत्तराखंड राज्य के पाए गए, जिससे यह बात सामने आई कि घटनास्थल भौगोलिक रूप से उत्तराखंड सीमा क्षेत्र में पड़ता है। हालांकि, इसके बावजूद पीड़ित परिवार ने मुजफ्फरनगर पुलिस पर भरोसा जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। सीमावर्ती क्षेत्र में हुए इस डबल मर्डर की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सूरज कुमार राय स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे और शोकाकुल पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा, खुलासे के लिए 4 टीमें गठित

पीड़ित परिवार द्वारा उत्तराखंड का क्षेत्र होने के बावजूद मुजफ्फरनगर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाए जाने के बाद एसएसपी सूरज कुमार राय ने उन्हें तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और हत्यारों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। इसके साथ ही एसएसपी ने इस दोहरे हत्याकांड के जल्द खुलासे और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन भी किया है।

एसएसपी ने की आपसी रंजिश और बदले की भावना से हत्या की पुष्टि

इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि 22 नवंबर को डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि दादूपुर गांव में कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही पुरकाजी थाना पुलिस, सीओ सदर, फील्ड यूनिट और वे स्वयं तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्राथमिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आई है, क्योंकि आरोपियों के भाई की हत्या के मामले में इस पीड़ित पक्ष के कुछ लोग जमानत पर बाहर थे, इसलिए प्रथम दृष्टया यह वारदात बदला लेने की नीयत से की गई प्रतीत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि दादूपुर गांव दोनों राज्यों की सीमा के दोनों तरफ बसा है और पीड़ित पक्ष के दस्तावेज उत्तराखंड के हैं, फिर भी फिलहाल इस मामले में मुजफ्फरनगर पुलिस ही परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Check Also

CM Yogi Emotional Letter: सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखी ‘मां के नाम पाती’, संन्यास के बाद पहली बार घर की दहलीज पर भिक्षा मांगने का सुनाया भावुक किस्सा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के महत्व, उनकी ममता और मातृशक्ति …