Wednesday , 29 April 2026

हरदोई में मोदी का हुंकार: ‘मां गंगा की तरह यह एक्सप्रेसवे बनेगा यूपी की नई लाइफलाइन’,  बंगाल की वोटिंग पर भी दिया बड़ा बयान

हरदोई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हरदोई से 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल ईंट और डामर की सड़क नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की प्रगति का नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अब प्रयागराज के संगम में डुबकी लगाना और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उसी दिन वापस आना मुमकिन हो गया है। प्रधानमंत्री ने इसे कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास की दिशा में एक ‘क्रांतिकारी कदम’ करार दिया।

मां गंगा और विकास का अद्भुत संयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने भावुक होते हुए कहा, “जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से इस देश की जीवन रेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।” उन्होंने इसे एक सुखद संयोग बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से वे लगातार मां गंगा के सानिध्य में हैं। पीएम ने याद दिलाया कि 24 अप्रैल को वह बंगाल में गंगा किनारे थे, कल और आज सुबह काशी में बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के चरणों में शीश नवाया और आज उन्हीं के नाम पर बने इस विशाल एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित कर रहे हैं।

बंगाल में बंपर वोटिंग: ‘खत्म हुआ डर का साया’

हरदोई की धरती से प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान पर भी बड़ी बात कही। बंगाल में जारी भारी वोटिंग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो खबरें आ रही हैं, वे बेहद उत्साहजनक हैं। पीएम ने कहा कि पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी लोग बिना किसी डर के, भारी संख्या में लंबी कतारों में खड़े होकर लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों और दशकों पुराने हालात पर कटाक्ष करते हुए कहा, “पिछले छह-सात दशकों में जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल था, वैसा निर्भीक माहौल इस बार बंगाल में दिख रहा है।” उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता का यह जोश और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी देश के लिए एक बेहद सकारात्मक और शुभ संकेत है।

यूपी और देश के लिए विकास का विजन

संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि यह 12 जिलों के किसानों, व्यापारियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले औद्योगिक गलियारों का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का इंजन बनकर उभरेगा।

Check Also

IPL 2026: क्या मुश्किल में हैं कप्तान रियान पराग? ड्रेसिंग रूम में ‘वेपिंग’ का वीडियो वायरल, BCCI ले सकता है बड़ा एक्शन

चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में अपनी कप्तानी और प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे …