Monday , 21 September 2026

मिशन-2027: पश्चिमी यूपी में भाजपा की सियासी बिसात, मेरठ में सीएम योगी और नितिन नवीन का महामंथन; सहारनपुर में भी होगी अहम बैठक

मेरठ/सहारनपुर उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव (मिशन-2027) के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय सघन दौरे पर हैं। मेरठ और सहारनपुर पर केंद्रित इस दौरे के दौरान वे पार्टी के शीर्ष नेताओं, वर्तमान व पूर्व जन प्रतिनिधियों, शक्ति केंद्र संयोजकों और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर चुनावी तैयारियों की नब्ज टटोलेंगे। मेरठ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

सुभारती विश्वविद्यालय में छात्रों का उत्साह, शहीदों को नमन और युवा संवाद दौरे के पहले दिन मेरठ स्थित स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष के आगमन को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं दोनों नेताओं को सुनने के लिए पहुंचे। अपने कार्यक्रम की शुरुआत में नितिन नवीन ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित ‘नेशनल आर्मी शहीद स्मारक’ पर पौधारोपण किया। इसके बाद मांगल्य प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद साधा और शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित किया।

सीएम योगी के साथ बंद कमरे में मंथन: चुनावी तैयारियों की समीक्षा सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में ही नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में पश्चिमी क्षेत्र में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता बढ़ाने और क्षेत्रीय फीडबैक को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन में पन्ना प्रमुख से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक समन्वय ही 2027 के चुनाव की सफलता की कुंजी बनेगा।

औघड़नाथ मंदिर में टेका मत्था, मेरठ में रात्रि विश्राम क्रांतिकारियों की ऐतिहासिक धरती मेरठ में नितिन नवीन 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के केंद्र रहे सुप्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने भगवान आशुतोष के दर्शन-पूजन कर प्रदेश के कल्याण की कामना की। पहले दिन के तमाम संगठनात्मक कार्यक्रमों के बाद भाजपा अध्यक्ष मेरठ में ही रात्रि प्रवास करेंगे।

22 सितंबर को सहारनपुर का दौरा: कार्यकर्ता के घर भोजन और शाकंभरी देवी के दर्शन दौरे के दूसरे दिन, यानी मंगलवार 22 सितंबर को नितिन नवीन सहारनपुर का रुख करेंगे। संगठन से जुड़ाव का संदेश देते हुए वे दोपहर में पार्टी के एक निष्ठावान कार्यकर्ता के आवास पर भोजन करेंगे। इसके बाद वे सहारनपुर में जिले के पदाधिकारियों, पूर्व व वर्तमान सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर बूथ स्तर की तैयारियों का जायजा लेंगे। सहारनपुर में संगठनात्मक चर्चा पूरी करने के उपरांत वे प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी के दर्शन-पूजन करेंगे और इसके बाद नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक तंत्र की परख मेरठ से सहारनपुर तक दो दिनों में आयोजित होने वाली बैठकों का मुख्य उद्देश्य बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला इकाइयों की वास्तविक तैयारियों का मूल्यांकन करना है। शीर्ष नेतृत्व सीधे कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहा है ताकि समय रहते संगठनात्मक कमियों को दूर किया जा सके और आगामी चुनावी रणनीति को अभेद्य बनाया जा सके।

 

Check Also

BPS RRB Recruitment 2026: 13 हजार से अधिक पदों के लिए आवेदन का अंतिम मौका आज, ऑफिस असिस्टेंट की रिक्तियां भी बढ़ीं; तुरंत करें अप्लाई

 नई दिल्ली बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी …