Tuesday , 8 September 2026

Meerut School Student Death: छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा 7वीं का छात्र, तलाश में वॉशरूम पहुंचा ई-रिक्शा चालक तो उड़े होश; हार्ट अटैक की आशंका

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छुट्टी के बाद जब काफी देर तक छात्र बाहर नहीं निकला, तो ई-रिक्शा चालक उसे ढूंढते हुए स्कूल के वॉशरूम तक पहुंचा, जहां वह बेसुध पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और प्रारंभिक तौर पर दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

15 मिनट तक बाहर इंतजार करता रहा चालक, अंदर मिला बेसुध घटना मवाना थाना क्षेत्र स्थित बसंत वैली पब्लिक स्कूल की है। कलावदा रोड (काबिली गेट) निवासी धर्मेंद्र शर्मा का 13 वर्षीय पुत्र कुनाल शर्मा रोज की तरह सोमवार को भी स्कूल गया था। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चे अपने-अपने घरों के लिए निकलने लगे। कुनाल जिस ई-रिक्शा से जाता था, उसका चालक बाहर अन्य बच्चों के साथ उसका इंतजार करता रहा। करीब 15 मिनट बीत जाने के बाद भी जब कुनाल बाहर नहीं आया, तो चालक उसे देखने अंदर गया। स्कूल परिसर में तलाश करते हुए जब वह वॉशरूम की तरफ पहुंचा, तो वहां कुनाल फर्श पर मूर्छित अवस्था में पड़ा था।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित वॉशरूम में बच्चे को अचेत देखकर स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षकों और प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी और छात्र को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुनाल को मृत घोषित कर दिया। हंसते-खेलते स्कूल गए मासूम की अचानक मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजन यह यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि कुछ ही घंटों पहले ठीक-ठाक स्कूल गया उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।

थाना प्रभारी का बयान: परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार मवाना थाना प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि छात्र कुनाल शर्मा बसंत वैली पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, स्कूल में अचानक हृदय गति रुकने से उसकी मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने इस मामले में किसी तरह की आपराधिक आशंका नहीं जताई है और न ही कोई लिखित तहरीर दी है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। हालांकि, इतनी कम उम्र में स्कूल परिसर के अंदर छात्र की अचानक मौत को लेकर हर कोई स्तब्ध है।

 

Check Also

Maruti Suzuki Festive Offers: फेस्टिव सीजन में मारुति का बड़ा तोहफा, Victoris से लेकर Swift तक पर ₹1.35 लाख तक की भारी छूट; देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ नई कार खरीदने की योजना बना रहे …