Thursday , 23 April 2026

बंगाल-तमिलनाडु में महादंगल: पहले चरण की वोटिंग में मुर्शिदाबाद बना अखाड़ा, TMC-AUJP में खूनी झड़प, सुवेंदु बोले- ‘ममता का सूपड़ा साफ’

कोलकाता/चेन्नई: लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव का आगाज आज सुबह 7 बजे से हो चुका है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। बंगाल के 16 जिलों की 152 सीटों पर 1478 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद होने जा रहा है। हालांकि, सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारों के बीच बंगाल से हिंसा और तनातनी की खबरें भी सामने आने लगी हैं।

मुर्शिदाबाद में भारी बवाल: TMC और AUJP कार्यकर्ताओं के बीच चले पत्थर

बंगाल के मुर्शिदाबाद में चुनावी शोर अब खूनी संघर्ष में तब्दील होता दिख रहा है। यहां TMC और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। घटनास्थल पर पहुंचे केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि बीते कल भी इलाके में कच्चा बम फेंके जाने की खबर आई थी, जिसके बाद से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

हुमायूं कबीर का पुलिस पर गंभीर आरोप, धरने पर बैठे AUJP चीफ

AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर ने नओदा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। कबीर का कहना है कि पुलिस समर्थकों के घरों में घुसकर उन्हें पीट रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से दोषी अफसरों को हटाने की मांग की है। कबीर ने दो टूक कहा, “TMC की गुंडागर्दी के खिलाफ जब तक चुनाव आयोग कार्रवाई नहीं करेगा, हम धरने से नहीं उठेंगे। मतदाताओं को डराया जा रहा है।”

सुवेंदु अधिकारी का हमला: ‘माता-बहनें सिखाएंगी ममता को सबक’

नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं ममता बनर्जी के शासन से डरी हुई हैं और वे इस बार उनका सूपड़ा साफ करने के लिए तैयार हैं। सुवेंदु ने दावा किया कि बंगाल की जनता इस बार सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। वहीं, सिलीगुड़ी से भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष ने भी कुछ स्थानों पर अनधिकृत गतिविधियों की रिपोर्ट दी है।

अधीर रंजन चौधरी ने किया मतदान, सुरक्षा व्यवस्था पर जताया संतोष

कांग्रेस के दिग्गज नेता और बरहमपुर से उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लिपिका मेमोरियल गर्ल्स स्कूल में वोट डालने के बाद उन्होंने चुनाव व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सेंट्रल फोर्स अच्छा काम कर रही है और उनके सभी एजेंट बूथों पर मुस्तैद हैं।

तमिलनाडु में आर अश्विन ने डाला वोट, जनता से की खास अपील

इधर तमिलनाडु में एक ही चरण में सभी सीटों पर वोटिंग जारी है। टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने भी पोलिंग बूथ पहुंचकर वोट डाला। उन्होंने जनता से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह राज्य के भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार तमिलनाडु की स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

TVK उम्मीदवार विजय ने डाला वोट

TVK प्रमुख और तिरुचिरापल्ली पूर्व तथा पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवार विजय, चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है।


 

Check Also

IRS अधिकारी की बेटी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: दिल्ली में कत्ल से पहले अलवर में किया था रेप, ऑनलाइन गेम की लत ने बनाया दरिंदा

नई दिल्ली/अलवर: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की …