लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज विकासखंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ललूमर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में मासूम बच्चों से स्कूल की छत की सफाई कराए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बारिश के बीच जर्जर छत पर बच्चों से कराई सफाई, ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार
घटना ललूमर गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय की है। ग्रामीणों और अभिभावकों का गंभीर आरोप है कि बारिश के मौसम में मासूम बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल की जर्जर छत की सफाई के लिए भेज दिया गया। सबसे खौफनाक बात यह है कि छत के ठीक ऊपर से नंगे बिजली के तार गुजर रहे हैं। जरा सी चूक या हादसा बड़े हादसे का सबब बन सकता था। वायरल वीडियो में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे बच्चे खतरनाक परिस्थिति में छत की सफाई करने पर मजबूर हैं।
BSA विपिन कुमार का कड़ा एक्शन: प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका निलंबित
वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) विपिन कुमार ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने ललूमर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्वेता त्रिपाठी और सहायक अध्यापिका शगुनता रानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।
-
संबद्धीकरण: निलंबन की अवधि के दौरान दोनों शिक्षिकाओं को प्राथमिक विद्यालय रानीखेड़ा (देवती) से संबद्ध किया गया है।
-
जांच अधिकारी नामित: पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लखनऊ को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
-
आगे की कार्रवाई: BSA के आदेशानुसार, जांच अधिकारी पूरे मामले की पड़ताल कर जल्द रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके आधार पर शिक्षिकाओं के खिलाफ आगे की विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।
आम आदमी पार्टी ने सरकार पर बोला हमला: ‘सरकारी दावों की खुली पोल’
इस घटना को लेकर अब सूबे में सियासत भी गरमाने लगी है। आम आदमी पार्टी (AAP) की उत्तर प्रदेश इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर बच्चों की सफाई का वायरल वीडियो शेयर करते हुए राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की जान से खिलवाड़ हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आप ने कहा कि यह घटना सरकार के शिक्षा मॉडल और बड़े-बड़े दावों की जमीनी हकीकत बयां करती है।
मासूमों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर परिषदीय विद्यालयों में अध्यापकों के रवैये और बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, शिक्षा विभाग द्वारा की गई निलंबन की त्वरित कार्रवाई के बाद जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
voice of india
