Tuesday , 25 August 2026

लखनऊ में प्रेमी जोड़े ने गले लगाया मौत: तीन साल से प्रेम संबंध में थे दोनों…घर पहुंचे परिजनों ने देखा रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर

लखनऊ (पीजीआई)। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित तेलीबाग के बलदेव विहार कॉलोनी में रविवार तड़के एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई। पिछले तीन सालों से प्रेम संबंध में रहे एक युवक और उसकी बुआ की बेटी ने परिजनों की असहमति से आहत होकर एक ही कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों के शव किराये के मकान में सीलिंग फैन से अलग-अलग फंदों पर लटके मिले। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक रिश्ते और सामाजिक मान्यताओं के कारण परिजन उनकी शादी के खिलाफ थे, जिसके अवसाद में आकर दोनों ने यह घातक कदम उठाया।

इटावा ले जाते वक्त कानपुर स्टेशन पर चलती ट्रेन से कूदे थे दोनों

घटनाक्रम के अनुसार, मृतकों की पहचान शाहजहांपुर के निगोही निवासी अनिकेत उर्फ रानू (21) और गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी अंजलि (18) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अनिकेत 23 जुलाई को अहमदाबाद काम पर जाने का बहाना बनाकर घर से निकला था, लेकिन वह गाजियाबाद जाकर अंजलि को अपने साथ ले आया। 25 जुलाई को दोनों अयोध्या में मिले।

जानकारी मिलते ही परिवार वाले दोनों को समझा-बुझाकर इटावा स्थिति रिश्तेदार के घर ले जा रहे थे। हालांकि, शादी की जिद पर अड़े प्रेमी जोड़े ने कानपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन चलते ही नीचे छलांग लगा दी और परिजनों को चकमा देकर लखनऊ भाग आए।

घर पहुंचे परिजनों ने देखा रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर

ट्रेन से भागने के बाद दोनों सीधे तेलीबाग स्थित उसी मकान में पहुंचे, जहां अनिकेत का परिवार पिछले छह सालों से किराये पर रह रहा है। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर दोनों ने कमरे में फंदा लगा लिया। जब परिजन ढूंढते हुए लखनऊ स्थित घर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला, तो दोनों के शव लटके देख उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मां से मांगे थे 2 हजार रुपये, प्लंबिंग का काम करता था अनिकेत

अनिकेत की मां संध्या देवी ने बताया कि 24 जुलाई को बेटे ने फोन करके 2000 रुपये मांगे थे और कहा था कि वेतन मिलते ही लौटा देगा। बातचीत के दौरान उसने अंजलि के साथ अयोध्या में होने की बात भी कबूली थी। अनिकेत परिवार में सबसे छोटा था और प्लंबिंग का काम करके आर्थिक मदद करता था। पिता रंगाई-पुताई का काम करते हैं। परिजनों को उम्मीद थी कि उम्र और समय के साथ दोनों मान जाएंगे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनकी यह आखिरी बातचीत होगी।

पुलिस का बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग में विफलता के कारण आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वैधानिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

Check Also

छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत: iPhone नहीं, 20 साल पुराना कलह और 3 एकड़ जमीन बनी वजह; अलग-अलग श्मशान में हुआ अंतिम संस्कार

छत्रपति संभाजीनगर  : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चांदगुडे परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध …