Saturday , 28 November 2026

KGMU ट्रॉमा सेंटर में मारपीट कांड: नर्सिंग अधिकारी से हाथापाई, चार डॉक्टर सस्पेंड, जानें पूरा मामला

लखनऊ: केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में नर्सिंग अधिकारी से मारपीट के आरोपी चार रेजिडेंट डॉक्टरों को निलंबित कर दिया गया है. ये चारों रेजिडेंट हड्डी रोग विभाग के हैं. इस मामले में दोनों ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई है. एफआईआर दर्ज होने पर दोनों पक्षों ने केजीएमयू में प्रदर्शन किया. दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

केजीएमयू के ट्रामा सेंटर की ऑर्थो ओटी में शनिवार देर रात जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने नर्सिंग अधिकारी शुभम राव की पिटाई कर दी थी. रेजिडेंट डॉक्टरों पर शराब के नशे में धुत होकर किसी पुरानी बात पर रंजिश के चलते लात-घूसों से पिटाई करने का आरोप लगा है.

Photo Credit: KGMU PRO

चार डॉक्टर सस्पेंड किए गये: इस मामले में शुरुआती जांच के आधार पर चार रेजिडेंट अश्विन, आयुष, निखिल व अंकित वर्मा को तत्काल प्रभाव से केजीएमयू प्रशासन ने निलंबित कर दिया है. जांच पूरी होने तक ये निलंबित रहेंगे. अंतिम जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर एक दूसरे पर दर्ज करवाई गई है.

Photo Credit: KGMU PRO

 

रेजिडेंट डॉक्टर और नर्सिंग अधिकारी आमने-सामने: ट्रामा सेंटर में हुई मारपीट के मामले में रेजिडेंट डॉक्टर और नर्सिंग अधिकारी गुटों में लामबंद हो गए हैं. रविवार को नर्सिग अधिकारियों ने कार्रवाई की मांग पर ट्रामा सेंटर का घेराव किया था. नर्सिग अधिकारी सोमवार 4 बजे तक कार्रवाई होने के आश्वासन पर कार्य बहिष्कार समाप्त करने को तैयार हुए थे. सोमवार शाम 4 बजे तक कार्रवाई न होने पर नर्सिंग अधिकारी एक बार फिर से इकट्ठा होकर ट्रामा सेंटर पहुंच गए.

Photo Credit: KGMU PRO
 

रेजिडेंट डॉक्टर हुए लामबंद: साथियों पर कार्रवाई होते देख रेजिडेंट भी लामबंद होकर ट्रामा सेंटर पहुंचे. स्थिति बिगड़ती देखकर एक बार फिर पैरा-मेडिकेल संकाय के डीन और केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने दोनों पक्षों को समझाना शुरू किया.

टकराव और तनाव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों को ट्रामा सेंटर के भीतर और रेजिडेंट को बाहर ही रोका दिया. डॉ. केके सिंह ने किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न होने देने की बात कही है.

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …