Sunday , 21 June 2026

कानपुर: इश्क में मिला ‘धोखा’ और ब्लैकमेलिंग का डर, हार्डवेयर कारोबारी ने फंदे से लटककर दी जान

कानपुर। शहर के चकेरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार में मिले धोखे और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक युवक ने मौत को गले लगा लिया। युवक का शव करीब आठ घंटे तक घर के कमरे में फंदे से लटका रहा। जब देर रात परिजन अस्पताल से लौटे, तब घटना की जानकारी हुई। इस आत्मघाती कदम के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

अस्पताल गया था परिवार, पीछे से अंकित ने चुन ली मौत

कांजीखेड़ा (चकेरी) निवासी 30 वर्षीय अंकित जायसवाल की घुमनी बाजार में हार्डवेयर की दुकान थी। परिवार में उनकी मां प्रमिला देवी, छोटा भाई अवनीश और बहन मानसी हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को अंकित के चाचा ज्ञानदत्त जायसवाल को कार्डियक अटैक आया था, जिसके बाद पूरा परिवार उन्हें कॉर्डियोलॉजी अस्पताल में भर्ती कराने गया था। घर पर अंकित अकेला था, और इसी दौरान उसने कमरे के अंदर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

शादी से इनकार और ब्लैकमेलिंग का आरोप

अंकित के छोटे भाई अवनीश ने बताया कि अंकित एक युवती से प्रेम करता था। घरवाले इस रिश्ते और शादी के लिए पूरी तरह तैयार थे, लेकिन अंतिम समय पर युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवती की ओर से अंकित को ब्लैकमेल भी किया जा रहा था, जिससे वह काफी मानसिक तनाव में था। इसी प्रताड़ना और लोक-लाज के डर से अंकित ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने का खौफनाक फैसला ले लिया।

बहन ने देखा भाई का शव, पुलिस जांच में जुटी

देर रात जब परिवार अस्पताल से वापस लौटा, तो छोटी बहन मानसी अंकित को बुलाने उसके कमरे में गई। वहां का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई; अंकित का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज वारदात: नवविवाहित युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में पत्नी की बेवफाई का खौफनाक सच आया सामने

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाला और हैरान करने …