Monday , 25 May 2026

साथ ले जाने की जिद और बीच सड़क पर ‘दंगल’ : हाइवे पर प्रेमिका से भिड़ा एमपी का आशिक…घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी-शिवपुरी हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी युगल के बीच टोल प्लाजा के पास तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राहगीरों को पुलिस बुलानी पड़ी। मध्य प्रदेश से अपनी प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद लेकर आए युवक को आखिर में हवालात की हवा खानी पड़ी, जबकि युवती को पुलिस ने सुरक्षा के साथ उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।

रक्सा टोल प्लाजा पर घंटों चला हंगामा

जानकारी के मुताबिक, रक्सा टोल प्लाजा के पास एक युवक और युवती को आपस में बुरी तरह लड़ते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा और बात हाथापाई तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही रक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे जोड़े को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में प्रेम प्रसंग का पेचीदा मामला सामने आया।

एमपी के शाहजहांपुर से झांसी पहुंचा था प्रेमी

पुलिस की गिरफ्त में आए युवक की पहचान मध्य प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी रोहित के रूप में हुई है। रोहित ने बताया कि करीब दो साल पहले वह शिवपुरी के करेरा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिनारा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दो साल तक उनका प्रेम प्रसंग चलता रहा। हालांकि, कुछ समय पहले रोहित अपने गांव वापस लौट गया, जिसके बाद युवती ने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी थी।

साथ ले जाने की जिद और बीच सड़क पर ‘दंगल’

रोहित ने पुलिस को बताया कि हाल ही में युवती ने उससे दोबारा फोन पर बात करना शुरू किया था। इसी उम्मीद में रोहित अपनी बाइक से भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से ट्रेन पकड़कर झांसी आया। झांसी रेलवे स्टेशन पर मिलने के बाद रोहित युवती पर साथ चलने और शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने साथ जाने से इनकार किया, तो हाइवे पर ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

पुलिस की कार्रवाई और परिजनों को सुपुर्दगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के परिजनों को थाने बुलाया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और विवाद पैदा करने के आरोप में पुलिस ने रोहित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति भंग की आशंका और जबरन दबाव बनाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

Check Also

लखनऊ में हैवानियत : UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को ट्रेन से उतारकर 3 दिन तक बंधक बनाया, नशीली कॉफी पिलाकर परिचित और उसके दोस्तों ने किया गैंगरेप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने …