
ब्यूरो, गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में सोमवार की रात उस वक्त दहल उठी जब शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शुमार जीएस रोड पर गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। पलटन बाजार थाना क्षेत्र के बोरा सर्विस इलाके में स्थित ‘होटल बिलास इन’ के पास हुई इस अंधाधुंध गोलीबारी में होटल की महिला मालकिन और उनके बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को हथियार समेत दबोच लिया है।
रात नौ बजे तड़ातड़ चलीं गोलियां, चीख-पुकार से मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 9:00 बजे की है। बोरा सर्विस स्थित होटल बिलास इन के आसपास सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल थी। इसी दौरान अचानक शुरू हुई अंधाधुंध गोलीबारी से पूरा इलाका गूंज उठा। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और मुख्य सड़क पर भगदड़ मच गई। गोलीबारी की चपेट में आने से कुल छह लोग लहुलूहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल का इलाज जारी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
होटल के लीज एग्रीमेंट से जुड़ा था विवाद, प्रॉपर्टी के चलते बहा खून
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह होटल बिलास इन के लीज एग्रीमेंट से जुड़ा संपत्ति विवाद सामने आई है। विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावर ने हथियार निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सीपी के मुताबिक, गोलीबारी में जान गंवाने वालों में होटल की मालकिन और उनका बेटा भी शामिल हैं। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को पुलिस टीम ने वारदात के एक घंटे के भीतर ही घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है।
मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारी, क्राइम सीन सील
वारदात की सूचना मिलते ही गुवाहाटी पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से होटल और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में क्या कोई और भी शामिल था या हथियार का इंतजाम कहां से किया गया था।
व्यस्त बाजार में सनसनी, दहशत के साये में स्थानीय लोग
जीएस रोड का बोरा सर्विस इलाका शहर के प्रमुख और व्यस्त व्यापारिक केंद्रों में से एक है। इस तरह बीच बाजार में होटल मालकिन और उनके बेटे सहित पांच लोगों की सरेआम हत्या से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी दहशत फैल गई है। घटना के बाद आसपास की दुकानें तुरंत बंद हो गईं। फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
voice of india