
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने सटीक निशाना लगाते हुए देश की झोली में पदकों की झड़ी लगा दी। शूटिंग रेंज से आई सबसे बड़ी खुशखबरी पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल इंडिविजुअल (व्यक्तिगत) मुकाबले से रही, जहां भारत के दो धुरंधरों ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाकर तिरंगा लहराया। युवा निशानेबाज हिमांशु ढिल्लन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किया, जबकि पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन के खाते में गया।
एक ही दिन में भारत के खाते में आए 3 पदक दूसरे दिन के खेल में भारतीय दल ने शूटिंग में कुल तीन पदकों पर अपना कब्जा जमाया। व्यक्तिगत फाइनल से ठीक पहले हिमांशु ढिल्लन और रुद्रांक्ष पाटिल ने अपने साथी खिलाड़ी पार्थ राकेश माने के साथ मिलकर शानदार तालमेल दिखाया था। इस तिकड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में संयुक्त रूप से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाया था। इसके तुरंत बाद व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में दोनों भारतीय निशानेबाजों ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया।
हिमांशु और रुद्रांक्ष का सटीक निशाना, चीन के शूटर ने बनाया रिकॉर्ड पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल के बेहद रोमांचक और दबाव भरे व्यक्तिगत फाइनल मुकाबले में भारतीय निशानेबाजों ने शुरू से ही एकाग्रता बनाए रखी। हिमांशु ढिल्लन ने आखिरी शॉट्स तक कड़ा संघर्ष किया और 252.4 का शानदार स्कोर खड़ा करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, रुद्रांक्ष पाटिल ने 230.9 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक देश की झोली में डाला। दूसरी ओर, चीन के स्टार निशानेबाज शेंग लिहाओ ने 254.2 का रिकॉर्ड तोड़ स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक जीता। चीनी शूटर ने अपने इस बेजोड़ प्रदर्शन के साथ एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया।
voice of india