
नई दिल्ली: भारत और नेपाल के द्विपक्षीय संबंधों में सोमवार को एक नए अध्याय की शुरुआत होती नजर आई, जब भारत दौरे पर पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इससे पहले दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में नेपाली प्रधानमंत्री का भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे थे। मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। दोनों ही देश इस उच्च-स्तरीय दौरे को लेकर खासे उत्साहित हैं, क्योंकि नेपाल में राजशाही समाप्त होने के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्पष्ट बहुमत वाली मजबूत और स्थायी सरकार सत्ता में आई है।
खुली सीमा और चीनी हस्तक्षेप के बीच अहम मानी जा रही यात्रा
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। नेपाल की अर्थव्यवस्था में भारत की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है और भारत उसका प्रमुख विकास सहयोगी भी है। हालांकि, बीते कुछ समय में नेपाल में बढ़ते चीनी हस्तक्षेप के चलते भारत की रणनीतिक चिंताएं बढ़ी हैं, जिसकी मुख्य वजह दोनों देशों के बीच मौजूद करीब 1800 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है। ऐसे में नेपाल की नई और स्थिर सरकार के साथ भारत की यह कूटनीतिक वार्ता क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
बाढ़ राहत पैकेज और गोरखा भर्ती की बहाली पर हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान आपसी रिश्तों को और अधिक मजबूती देना सबसे प्रमुख एजेंडा है। कुछ समय पहले नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान भारत ने राहत कार्यों में सक्रिय मदद की थी और अब भारत नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए एक बड़े आर्थिक पैकेज का ऐलान कर सकता है। इसके अलावा, हाल ही में भारत द्वारा अग्निवीरों को स्थायी करने की घोषणा के बाद यह संभावना भी प्रबल हो गई है कि नेपाल भारतीय सेना में गोरखाओं की भर्ती को फिर से मंजूरी दे सकता है। उल्लेखनीय है कि अग्निपथ योजना लागू होने के बाद से नेपाल में भारतीय सेना के दोनों भर्ती केंद्र बंद पड़े हैं, लेकिन बदली हुई परिस्थितियों और घरेलू दबाव के चलते नेपाल सरकार इस पर सकारात्मक फैसला ले सकती है।
सीमा विवाद एजेंडे से बाहर, विदेश मंत्री जयशंकर ने की भेंट
मंत्रालय के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि इस द्विपक्षीय यात्रा के आधिकारिक एजेंडे में सीमा विवाद पर चर्चा को शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि इस तरह के मुद्दों को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच पहले से ही अधिकारियों का एक स्थापित तंत्र काम कर रहा है। इससे पहले रविवार को दिल्ली पहुंचने पर वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने बालेन शाह की अगवानी की थी, जिसके बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उनसे मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों की बहुआयामी साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाला अवसर बताया है।
चीन को कूटनीतिक संदेश और ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते की मजबूती
विदेश मामलों के विशेषज्ञ और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सुधीर सिंह का मानना है कि नेपाल और चीन के बीच संबंधों में आई तल्खी के मौजूदा दौर में यह यात्रा भारत के लिए विशेष महत्व रखती है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की इस बैठक से चीन को एक स्पष्ट कूटनीतिक संदेश जा सकता है। चूंकि नेपाल की अर्थव्यवस्था काफी हद तक भारत से जुड़ी हुई है, इसलिए दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्ते बेहद जरूरी हैं और भारत-नेपाल का ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता इस साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत है।
अयोध्या से जनकपुरधाम तक सीधी रेल सेवा का ऐतिहासिक शुभारंभ
इस कूटनीतिक दौरे के बीच दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को नया आयाम देते हुए सोमवार को अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ का उद्घाटन भी होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन को भव्य रूप से सजाया गया है। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 04295 सोमवार दोपहर 12:30 बजे अयोध्या धाम से अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
voice of india