मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से ममता को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बलदेव थाना क्षेत्र के छौली गांव में एक कलयुगी मां ने अपने ही तीन साल के मासूम बेटे की सिर्फ इसलिए गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि फोन पर प्रेमी से बात करते वक्त बच्चा रोता-चिल्लाता था। घटना के एक महीने बाद जब पति को पत्नी के अवैध संबंधों और इस खौफनाक करतूत का पता चला, तो उनके होश उड़ गए। पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
बेटे को मरा बताकर सामान्य मौत का रचा था नाटक
पीड़ित पिता कृष्ण मुरारी ने बताया कि उनकी एक पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा माधव था। बीते 28 जून की शाम को उनकी पत्नी रुचि का फोन आया कि माधव काफी देर से सो रहा है और बार-बार जगाने पर भी उठ नहीं रहा है। कृष्ण मुरारी तुरंत घर पहुंचे और मासूम को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस समय परिवार ने इसे कुदरत का लिखा मानकर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्रेमी से फोन पर बात करते हुए खुली मां की दरिंदगी
हत्या का यह राज घटना के करीब एक महीने बाद 21 जुलाई को खुला। कृष्ण मुरारी ने अपनी पत्नी रुचि को चोरी-छिपे फोन पर किसी से बात करते सुना। रुचि अपने प्रेमी से कह रही थी कि माधव बात करते समय बार-बार रोता-चिल्लाता था, जिससे गुस्से में आकर उसने उसका गला दबा दिया और उसकी मौत हो गई। यह सुनते ही कृष्ण मुरारी के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पति के कड़ाई से पूछने पर कबूला अपना जुर्म
पति द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर रुचि ने सब सच उगल दिया। उसने कबूल किया कि उसका रोहित नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। घटना वाले दिन वह रोहित से फोन पर बात कर रही थी, तभी माधव बार-बार रोने लगा। बातचीत में खलल पड़ने पर उसने गुस्से में आकर मासूम का गला घोंट दिया। सच सामने आने के बाद पति ने थाने पहुंचकर पत्नी के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी महिला को लिया हिरासत में
मामले की जानकारी देते हुए सीओ संजीव राय ने बताया कि पति की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी महिला रुचि को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
