Tuesday , 28 July 2026

मैनपुरी में मौत बनकर गिरी कच्चे मकान की दीवार: मलबे में दबकर दो मासूमों समेत एक ही परिवार के 3 की मौत, 3 घायल

मैनपुरी। जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आठपुरा में मंगलवार की काली रात एक परिवार के लिए काल बनकर आई। यहाँ एक कच्चे मकान की भारी-भरकम दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर गहरी नींद में सो रहे परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

रात 11 बजे मची चीख-पुकार: मलबे में दफन हो गईं खुशियां

मिली जानकारी के अनुसार, आठपुरा निवासी बृजेश कुमार जाटव अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में गुजर-बसर कर रहे थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे, जब पूरा परिवार दीवार के सहारे टिके टिनशेड के नीचे सो रहा था, तभी अचानक पुरानी कच्ची दीवार ढह गई। टिनशेड और दीवार का भारी मलबा सीधे सो रहे लोगों पर जा गिरा। मलबे में दबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 40 वर्षीय रूबी, 8 वर्षीय दिलीप कुमार और 13 वर्षीय बेवी की सांसें थम चुकी थीं।

निर्माण कार्य की लापरवाही ने ली जान! जांच में हुआ बड़ा खुलासा

हादसे के पीछे प्रारंभिक जांच में एक बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। नई दीवार बनाने के लिए नींव खोदी गई थी, जिसमें पानी भर गया था। पानी के रिसाव के कारण बगल की पुरानी कच्ची दीवार की जड़ें कमजोर हो गईं और वह एक तरफ झुक गई थी। रात के सन्नाटे में वही कमजोर दीवार अचानक गिर गई और टिनशेड के नीचे सो रहे परिवार पर मौत बनकर टूट पड़ी।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे तीन घायल, गांव में पसरा सन्नाटा

इस भीषण हादसे में गृहस्वामी बृजेश कुमार, गुड़िया और पल्लवी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तीनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही झटके में उजड़े परिवार को देखकर हर आंख नम है और गांव के चूल्हे तक नहीं जले हैं।

Check Also

UP IPS Transfer: यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल! 15 IPS अधिकारियों का तबादला, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और कार्यकुशल बनाने …