Thursday , 24 September 2026

महोबा में कलयुगी बेटे की रूह कंपा देने वाली करतूत: गांजे के लिए मां से मांगे 60 रुपये, मना किया तो कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट; 2 घंटे लाश के पास ही बैठा रहा

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां नशे के दलदल में धंसे एक कलयुगी बेटे ने महज 60 रुपये के लिए अपनी ही जन्मदात्री की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय करीब दो घंटे तक अपनी मां के खून से सने शव के पास ही बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

महज 60 रुपये को लेकर हुआ था विवाद

यह खौफनाक वारदात कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रावतपुरा खुर्द गांव की है। मृतका की पहचान मूला देवी के रूप में हुई है। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मूला देवी का छोटा बेटा मोहन सिंह यादव गंभीर रूप से नशे का आदी है। वह दिन-रात गांजा, नशे के इंजेक्शन और तरह-तरह के ड्रग्स का सेवन करता था। बुधवार सुबह से ही मोहन गांजा खरीदने की जिद पर अड़ा था और मां से 60 रुपये मांग रहा था। मां ने जब पैसे न होने की बात कहकर इनकार कर दिया, तो नशे में धुत मोहन आपा खो बैठा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ 4 वार, मौके पर तोड़ा दम

विवाद इतना बढ़ा कि मोहन ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी मां पर एक के बाद एक 4 जानलेवा वार कर दिए। गहरे घाव और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मूला देवी ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। उस समय घर पर मां-बेटे के अलावा कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब हत्या के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं दिखा और वह लगभग दो घंटे तक खून से लथपथ मां की लाश के पास ही बैठा रहा।

देवर और बड़े भाई ने देखा मंजर तो उड़े होश

घटना के कुछ देर बाद जब मृतका के देवर रामेश्वर यादव किसी काम से घर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। भाभी का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था और पास में ही मोहन बैठा हुआ था। इस वारदात की खबर जब बड़े बेटे सोहन सिंह यादव को लगी, तो घर में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, केस दर्ज

मामले की जानकारी देते हुए सीओ कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे रावतपुरा खुर्द गांव के रहने वाले सोहन सिंह यादव ने सूचना दी कि उसके सगे भाई मोहन सिंह यादव ने मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी मोहन को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला: 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत, चश्मदीद बोले- ‘धुआं उठने पर भी ड्राइवर बीड़ी-गुटखा में मस्त रहा’

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा …