
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के दिल्ली से सटे जिले गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां के रावली कला गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 80 साल के बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बुजुर्ग भागा नहीं, बल्कि खुद चलकर रावली पुलिस चौकी पहुंच गया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बुजुर्ग की पहचान हरपाल के रूप में हुई है, जिसने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अपने ही घर में इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया था।
चारपाई पर खून से लथपथ मिला बुजुर्ग महिला का शव
आरोपी बुजुर्ग के मुंह से हत्या की बात सुनते ही पुलिस चौकी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम रावली कला गांव स्थित हरपाल के घर की तरफ दौड़ी। मौके पर पहुंचते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए; घर के भीतर एक चारपाई पर 72 साल की बुजुर्ग महिला उर्मिला खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए बुजुर्ग महिला को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खुद पुलिस चौकी आया और बोला- ‘मैंने अपनी पत्नी को मार डाला’
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) भास्कर वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी हरपाल मुरादनगर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले रावली चौकी क्षेत्र का निवासी है। वह शनिवार (16 मई) को खुद चलकर पुलिस चौकी आया था। उसने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसने कुछ समय पहले अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी है। एसीपी ने बताया कि आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है और घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने की कोशिश कर रही है।
पोते ने बयां की उस खौफनाक रात की दास्तां, मानसिक रूप से परेशान था बुजुर्ग
इस खौफनाक वारदात के पीछे की जो वजह सामने आ रही है, वह बेहद चौंकाने वाली है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, हरपाल अपनी बेटी के घर पर रह रहा था और पिछले कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। इसके अलावा, बुजुर्ग दंपति के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर तीखी नोकझोंक और झगड़े होते रहते थे। मृतका के पोते कुणाल ने पुलिस को बताया कि उसके दादाजी स्वभाव से काफी गुस्सैल हो चुके थे और अक्सर घर वालों से विवाद करते रहते थे।
कुणाल ने उस डरावनी रात को याद करते हुए बताया, “घटना के वक्त मैं और मेरा भाई घर के दूसरे कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे, जबकि हमारे माता-पिता किसी काम से मेरठ गए हुए थे। रात में क्या हुआ, हमें इसकी भनक तक नहीं लगी। हमें इस खौफनाक वारदात का पता तब चला जब सुबह अचानक पुलिस हमारे घर पहुंची और हमें जगाया।” फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या यह हत्या सिर्फ मानसिक तनाव और घरेलू क्लेश का नतीजा थी या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह छिपी हुई है।
voice of india