Thursday , 4 June 2026

मालवीय नगर अग्निकांड: लुकआउट नोटिस के बाद होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, पहली तस्वीर आई सामने; सीएम ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मुख्य आरोपी और होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। 21 बेगुनाह लोगों की जान लेने वाले इस हादसे के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LoC) जारी किया था, जिसके बाद लगातार दबिश दी जा रही थी। आखिरकार पुलिस की टीमों ने लवकेश बजाज को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी होटल मालिक की पहली तस्वीर भी सामने आ चुकी है।

इस बीच, दिल्ली सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पूरे वीभत्स कांड की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।

लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद घेराबंदी, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

बुधवार सुबह ‘फ्लोरिश स्टे बीएंडबी’ (Flourish Stay B&B) होटल में लगी आग ने जब विकराल रूप धारण किया और 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई, तो दिल्ली पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई थी। आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए कुछ ही घंटों के भीतर लवकेश बजाज और अन्य संबंधित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LoC) जारी कर दिया गया था।

पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। चौतरफा दबाव के बाद आखिरकार पुलिस ने पहले लवकेश बजाज को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

21 मासूमों की मौत, 40 से ज्यादा झुलसे और 10 पुलिसकर्मी भी घायल

मालवीय नगर के इस अवैध डेथ ट्रैप में बुधवार सुबह करीब 8:48 बजे आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने पूरी बहुमंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से अधिकांश विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं, जो भारत में इलाज के लिए आए थे।

इस अग्निकांड का मंजर इतना खौफनाक था कि 40 से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाने वाले 10 जांबाज पुलिसकर्मी भी इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सख्त रुख: दिल्लीभर में सील होंगी अवैध संपत्तियां

इस भयावह त्रासदी पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर सख्त रुख अख्तियार किया है। सीएम ने ट्वीट कर बताया, “इस पूरे मामले में मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दे दिया गया है और संपत्ति के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।”

सीएम ने आगे कड़ा संदेश देते हुए लिखा, “अवैध संपत्तियों, अनधिकृत गेस्ट हाउसों और अग्नि सुरक्षा नियमों व भवन उपनियमों का उल्लंघन करके चलाए जा रहे प्रतिष्ठानों के खिलाफ पूरे शहर में एक बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। ऐसे सभी परिसरों को तुरंत सील किया जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त मुकदमा चलाया जाएगा। इस भयानक त्रासदी के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

पीएम मोदी और सीएम ने जताया गहरा शोक, मुआवजे का ऐलान

इस दिल दहला देने वाली घटना पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तक ने गहरा दुख प्रकट किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालवीय नगर हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की। पीएमओ की तरफ से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और इस हादसे में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) देने का ऐलान किया गया है।

वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मालवीय नगर में लगी भीषण आग में लोगों की असमय जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं और मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।”

Check Also

केजीएमयू में एक और बड़ा खेल: यूरोलॉजी के बाद अब लारी कार्डियोलॉजी में आयुष्मान योजना में ‘महाघोटाला’! एक ही मरीज को ठोक दिए 5-5 स्टेंट, जांच शुरू

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में घोटालों और अनियमितताओं के जिन्न एक-एक कर बाहर …