Sunday , 19 April 2026

महाराजगंज में भीषण सड़क हादसा: दबिश से लौट रही गोरखपुर पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकराई, दारोगा की दर्दनाक मौत

WhatsApp Image 2026 02 17 at 13.14.22 (2)

परतावल (महाराजगंज): उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कुशीनगर में दबिश देकर लौट रही गोरखपुर पुलिस की टीम सोमवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गई। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास अनियंत्रित होकर पुलिस की स्कार्पियो एक पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में रामगढ़ताल थाने में तैनात दारोगा संतोष कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) और एक महिला दारोगा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

WhatsApp Image 2026 02 17 at 13.14.22 (1)

कुशीनगर में दबिश देकर लौट रही थी टीम

मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने की एक टीम किसी मामले में अपराधी की धरपकड़ के लिए कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र में दबिश देने गई थी। टीम में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, दारोगा संतोष कुमार, महिला दारोगा गीता, चालक और अन्य सदस्य शामिल थे। पूरी रात कार्रवाई करने के बाद टीम सुबह वापस गोरखपुर लौट रही थी।

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा, स्कार्पियो के उड़े परखच्चे

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे महराजगंज-गोरखपुर सीमा पर कतरारी इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कार्पियो के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान दारोगा ने तोड़ा दम, अधिकारियों में शोक

गंभीर रूप से घायल दारोगा संतोष कुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दारोगा गीता की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे के उच्चाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

बिहार के रहने वाले थे शहीद दारोगा संतोष

सड़क हादसे का शिकार हुए उपनिरीक्षक संतोष कुमार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले (असांव क्षेत्र के सहसरांव गांव) के निवासी थे। वह गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन सिवान से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

Check Also

मिडिल ईस्ट में खलबली: क्या अमेरिका को ठेंगा दिखाकर ईरान को हथियार दे रहा चीन? तेहरान में 4 ‘रहस्यमयी’ विमानों की लैंडिंग से हड़कंप

नई दिल्ली/बीजिंग/तेहरान: पश्चिम एशिया के धधकते हालातों के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है …