
हाथरस, ब्यूरो। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार लोडर ने सवारियों से खचाखच भरे टेंपो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर परखच्चों में तब्दील हो गया और उसमें बैठे यात्री उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस दर्दनाक दुर्घटना में दिल्ली निवासी एक दंपती और एक उभरते युवा क्रिकेटर समेत कुल चार लोगों की जान चली गई। वहीं, हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनमें मृतक दंपती के दो बच्चे भी शामिल हैं।
भतीजे की शादी में शामिल होने आ रहा था दिल्ली का परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के रहने वाले 50 वर्षीय ओमकार गुरुवार शाम अपनी 35 वर्षीय पत्नी विनीता, 18 वर्षीय बेटी प्रियंका और 11 वर्षीय बेटे लक्ष्य के साथ अलीगढ़ पहुंचे थे। परिवार को हाथरस में अपने भतीजे के विवाह समारोह में शामिल होना था। अलीगढ़ से हाथरस आने के लिए पूरा परिवार एक टेंपो में सवार हो गया। सफर के दौरान रास्ते से अन्य सवारियां भी टेंपो में बैठती गईं, जिससे वाहन में सात से अधिक लोग सवार हो गए थे।
नगला भूरा के पास राधिका ढाबे के निकट हुआ दर्दनाक हादसा
शाम लगभग पांच बजे जब यह टेंपो आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गांव नगला भूरा के पास स्थित राधिका ढाबे के करीब पहुंचा, तभी हाथरस की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडर ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े और टेंपो के मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
दो बच्चों की हालत नाजुक, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
इस भीषण दुर्घटना में ओमकार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके अलावा टेंपो में सफर कर रहे 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर अश्वनी कुशवाहा और 65 वर्षीय बुजुर्ग चंद्रपाल ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ओमकार की पत्नी विनीता को इलाज के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी सांसें थम गईं। हादसे में घायल दंपती के दोनों बच्चों प्रियंका और लक्ष्य को नाजुक हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है और पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india