Monday , 25 May 2026

बुलंदशहर में भीषण हादसा: दर्शन कर लौट रहे परिवार की उजड़ी खुशियां, ट्रक में घुसी बाइक, पति-पत्नी और 3 बच्चों की दर्दनाक मौत

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एनएच-34 पर खड़े ट्रक में एक अनियंत्रित बाइक के पीछे से घुस जाने के कारण एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। यह परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन कर घर लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही काल के गाल में समा गया।

भंसौली कट के पास हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव धानेरा कीरत निवासी उत्तम सिंह (38) अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वे खुर्जा की तरफ से बुलंदशहर नगर के धमेड़ा अड्डा की ओर आ रहे थे। तभी देहात कोतवाली क्षेत्र में एनएच-34 पर भंसौली कट के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांचों की सांसें थम गईं।

वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार, गांव में पसरा मातम

मृतकों की पहचान उत्तम सिंह, उनकी पत्नी उर्मिला, पुत्र निशांत, पुत्री दिशा और मासूम अनायरा के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव धानेरा कीरत में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि उत्तम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वैष्णो देवी धाम के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटने के बाद वे खुर्जा में अपने एक रिश्तेदार के घर रुके थे। शुक्रवार को जब वे अपने गांव के लिए निकले, तभी रास्ते में यह काल बनकर आए ट्रक ने पूरा परिवार खत्म कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, हरियाणा नंबर के ट्रक से हुई टक्कर

हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से एक हरियाणा नंबर की ट्रक प्लेट बरामद हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि ट्रक वहां किस स्थिति में खड़ा था और हादसे की मुख्य वजह क्या रही। उर्मिला के भाई रमेश ने बताया कि पूरा परिवार खुशी-खुशी दर्शन कर लौटा था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया।

Check Also

लखनऊ में हैवानियत : UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को ट्रेन से उतारकर 3 दिन तक बंधक बनाया, नशीली कॉफी पिलाकर परिचित और उसके दोस्तों ने किया गैंगरेप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने …