कलीनगर/पीलीभीत। जिस जीवनसाथी के साथ दो दशक पहले सात फेरे लेकर जिंदगी भर साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी हाथ ने रात के अंधेरे में मौत का फंदा बुन दिया। पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह के 20 साल बाद एक महिला ने अपने ही पति को बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। कलयुगी पत्नी ने पहले पति को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और फिर बेहोशी की हालत में साड़ी से उसका गला घोंट दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब खुद सगे बेटे ने मां की इस काली करतूत की पोल खोली और पुलिस में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
रात के सन्नाटे में रचा गया कत्ल का खौफनाक खेल
माधोटांडा क्षेत्र के गांव लोहरपुरी फुलहर निवासी 42 वर्षीय उमाशंकर का करीब 20 वर्ष पूर्व ममता के साथ प्रेम विवाह हुआ था। दोनों के दो बच्चे—18 वर्ष का बेटा विवेक उर्फ विकास और 12 वर्ष की बेटी गीता हैं। शुक्रवार की रात उमाशंकर घर की छत पर सो रहे थे, जबकि बच्चे नीचे वाले हिस्से में आराम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी पत्नी ममता छत पर पहुंची। योजनाबद्ध तरीके से उसने पहले उमाशंकर को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला या नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब नशा असर करने लगा और उमाशंकर बेसुध हो गए, तो रात करीब एक बजे ममता ने अपनी ही साड़ी से उनका गला दबा दिया।
जाग गई मासूम बेटी, फिर बेटे ने खोला खूनी राज
वारदात के समय नीचे सो रही 12 साल की बेटी गीता की आंख अचानक खुल गई। उसने देखा कि मां बिस्तर पर नहीं है, जिससे उसे अनहोनी का अंदेशा हुआ। गीता ने तुरंत अपने बड़े भाई विवेक को जगाया। विवेक जब भागकर छत पर पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। सामने मां ममता अपने ही पति (विवेक के पिता) का गला दबा रही थी। बेटे को अचानक सामने देख हत्यारोपी मां घबरा गई और मौके से भाग निकली। विवेक का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
बेटे की तहरीर पर मां गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना मिलते ही माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। सगे बेटे विवेक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्यारिन मां के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पत्नी ममता को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने बताया कि बेटे की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
voice of india
