
लखनऊ । राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र अंतर्गत खंडसरा गांव में महज चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। तीनों बच्चों की मौत का पैटर्न एक जैसा बताया जा रहा है, जिसमें पहले उन्हें हल्का बुखार आया और फिर अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उनकी सांसें थम गईं। पीड़ित परिजनों का दावा है कि अंतिम समय में तीनों बच्चों की नाक और मुंह से खून भी निकला था। हैरानी की बात यह है कि शुरुआती दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई विशेष सक्रियता नहीं दिखाई गई, लेकिन गुरुवार सुबह जब घर के तीसरे बच्चे ने भी दम तोड़ दिया, तब जाकर पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की नींद टूटी और टीमों ने गांव का रुख किया।
चार दिन में उजड़ गई परिवार की खुशियां: 9 नवंबर से शुरू हुआ मौत का सिलसिला इस हृदयविदारक घटनाक्रम की शुरुआत बीती 9 नवंबर की दोपहर करीब ढाई बजे हुई, जब गांव निवासी आशीष कुमार के सबसे छोटे बेटे तीन वर्षीय दिव्यांश की घर के बाहर खेलते समय अचानक तबीयत खराब हो गई। शरीर में हल्का बुखार महसूस होने पर परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया। परिवार अभी इस गहरे सदमे से उबरा भी नहीं था कि अगले ही दिन यानी 10 नवंबर को दूसरे बेटे सात वर्षीय कार्तिक की भी ठीक उसी तरह अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी भी मौत हो गई। लगातार दो बेटों को खोने के गम में डूबे परिजनों ने उस समय बिना किसी पुलिस सूचना या चिकित्सकीय जांच के दोनों बच्चों के शवों को दफना दिया।
अस्पताल में तीसरे बच्चे ने भी तोड़ा दम, एक्स-रे में गंभीर निमोनिया की पुष्टि दो भाइयों की मौत के बाद 10 नवंबर की रात परिवार की बड़ी बेटी दस वर्षीय लक्ष्मी को भी तेज बुखार और पेट में दर्द की शिकायत शुरू हो गई। घबराए परिजनों ने उसे तत्काल दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान गुरुवार सुबह चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर गुरुवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अतुल वर्मा और सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा की संयुक्त टीम ने खंडसरा गांव पहुंचकर जांच की। स्वास्थ्य अधिकारियों ने जानकारी दी कि मृतक बच्ची लक्ष्मी की रक्त जांच में डेंगू, मलेरिया या टाइफाइड की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि उसकी छाती के एक्स-रे में दोनों फेफड़ों में गंभीर स्तर के निमोनिया के लक्षण पाए गए हैं।
फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच पुलिस जांच तेज, कब्र खुदवाने की तैयारी गांव में प्रारंभिक पड़ताल करने के बाद स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने इस मामले में विषाक्त भोजन (फूड पॉइजनिंग) की संभावना भी व्यक्त की है। हालांकि, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की मृत्यु का सटीक और वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण के नतीजे सामने आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। दूसरी ओर, मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि परिजनों ने तीनों बच्चों की मौत के लक्षण एक समान बताए हैं और अभी तक किसी व्यक्ति पर कोई संदेह या आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने तीसरी बच्ची लक्ष्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई, तो पहले दफनाए जा चुके दोनों भाइयों के शवों को भी कब्र से निकलवाकर उनका पोस्टमार्टम कराया जा सकता है।
voice of india