Tuesday , 28 April 2026

भीषण बस हादसा: बवानीखेड़ा में चलती बस बनी आग का गोला, 2 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत, कई गंभीर

बवानीखेड़ा (हरियाणा)। हरियाणा के भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। यहां सवारियों से भरी एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मिल्कपुर गांव के पास हुआ हादसा, मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, यह निजी बस बवानीखेड़ा से हांसी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस गांव मिल्कपुर के पास पहुंची, अचानक इसमें आग लग गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई।

टायर फटने के बाद डीजल टैंक से टकराई बस, भड़की आग

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है वह बेहद चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि चलती बस का अचानक टायर फट गया, जिसके बाद अनियंत्रित होकर बस अपनी ही डीजल टंकी से जा टकराई। इससे तेज धमाका हुआ और बस में आग भड़क उठी। हालांकि, प्रशासन अभी आग लगने के वास्तविक और तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी, प्रशासन अलर्ट

हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया। फिलहाल दो घायलों का इलाज हांसी के नागरिक अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ अन्य को निजी अस्पतालों में रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बवानीखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस संचालक से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

Check Also

ईरान-अमेरिका के बीच बड़ी डील की आहट? पहली बार होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को तैयार तेहरान, ट्रंप के सामने रखी बड़ी शर्त

तेहरान/वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही …