Monday , 15 June 2026

लखनऊ में ‘अंगारे’ जैसी गर्मी: टूट गया पिछले साल का रिकॉर्ड, आज 45°C पारे के साथ 40 किमी की रफ्तार से चलेगी ‘लू’; मौसम विभाग ने जारी की सख्त एडवाइजरी

लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ में जेठ की तपिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह झुलसा कर रख दिया है। शहर में गर्मी ने इस कदर रौद्र रूप अख्तियार किया है कि पिछले साल का रिकॉर्ड भी ध्वस्त हो चुका है। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री ऊपर चढ़कर सीजन के सबसे उच्चतम स्तर 43.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल पूरे मई महीने में अधिकतम पारा 42.4 डिग्री ही दर्ज किया गया था। आज यानी शुक्रवार सुबह से ही आसमान से आग बरस रही है। तेज तीखी धूप के साथ चल रहे गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का सड़कों पर निकलना दुश्वार कर दिया है।

मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आज लखनऊ में गर्मी का असली टॉर्चर देखने को मिलेगा। आज शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके साथ ही दोपहर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जानलेवा लू (Heatwave) चलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आज का तापमान दर्ज इतिहास में इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हो सकता है।

टूटने की कगार पर है 31 साल पुराना ऑल टाइम रिकॉर्ड, अस्पतालों में वार्ड रिजर्व

लखनऊ में गर्मी का सितम इस कदर हावी है कि 31 मई 1995 को दर्ज किया गया 46.5 डिग्री सेल्सियस का ‘ऑल टाइम रिकॉर्ड’ भी अगले एक-दो दिनों में टूटने की गंभीर आशंका बनी हुई है। इस जानलेवा स्थिति को देखते हुए लखनऊ के जिलाधिकारी (DM) ने तुरंत प्रभाव से जनपद के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां (Summer Vacation) घोषित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी वार्ड रिजर्व कर दिए गए हैं।

बता दें कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक यानी 29 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 59 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 15 फीसदी रिकॉर्ड की गई है।

दिन में ‘लू’ और रात में ‘तपिश’: जारी हुआ ‘वार्म नाइट’ का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आने वाले दिनों में पारा सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने साइक्लोनिक प्रेशर (चक्रवाती दबाव) के कारण हवा में नमी यानी ह्यूमिडिटी काफी बढ़ गई है। इसके चलते जो वास्तविक तापमान है, ‘फील्स लाइक’ यानी आभासी तापमान उससे कहीं ज्यादा महसूस हो रहा है, जो इंसानी शरीर के लिए बेहद कष्टदायक है।

मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के जिलों के लिए ‘वार्म नाइट’ (गर्म रात) का अलर्ट भी जारी किया है। इसका मतलब है कि अब सूर्यास्त के बाद भी वातावरण ठंडा नहीं होगा और रातें भी भट्टी की तरह तपेंगी। फिलहाल लखनऊ समेत पूरे अवध क्षेत्र में गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।

मौसम विभाग ने जारी की सख्त एडवाइजरी, दोपहर 11 से 3 बजे तक रहें सावधान

प्रदेश में लगातार पैर पसार रही हीटवेव को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। विभाग के अनुसार, इस मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है। धूप में काम करने वाले मजदूरों और फील्ड वर्कर्स को ‘हीट स्ट्रोक’ (लू लगना) और शरीर में पानी की भयंकर कमी (Dehydration) का सामना करना पड़ सकता है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच धूप का असर सबसे घातक रहेगा, जिससे सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी और घमौरियां जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

बचाव के लिए मौसम विभाग के जरूरी टिप्स:

  • धूप से बचें: दोपहर के समय जितना संभव हो, तेज धूप में सीधे निकलने से बचें।

  • कपड़ों का चयन: हल्के रंग के, ढीले और सूती (कॉटन) कपड़े ही पहनें।

  • सिर ढककर निकलें: बहुत जरूरी होने पर बाहर जाते समय सिर को टोपी, गमछे, सूती दुपट्टे या छाते से जरूर ढकें।

  • हाइड्रेटेड रहें: प्यास न लगी हो, तब भी थोड़ी-थोड़ी देर में ज्यादा से ज्यादा पानी पीते रहें।

  • देसी पेय पदार्थों का सेवन: शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने के लिए ओआरएस (ORS) घोल, छाछ, लस्सी, आम पन्ना और नींबू पानी का सेवन करें।

  • इनसे बनाएं दूरी: चाय, कॉफी, शराब और कार्बोनेटेड कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन कम से कम करें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी को और बढ़ाते हैं।

  • खान-पान का ध्यान: गर्मियों में बासी खाना खाने से कड़ाई से बचें, क्योंकि इसमें बैक्टीरिया बहुत जल्दी पनपते हैं।

  • किसानों के लिए सलाह: किसान भाई अपनी फसलों को सूखने से बचाने के लिए समय-समय पर सिंचाई जारी रखें।

  • मूक पशुओं का ख्याल: अपने पालतू और आवारा जानवरों को भी सीधी धूप से बचाकर छांव में बांधें और उनके पीने के लिए पर्याप्त पानी का इंतजाम रखें।

Check Also

राजस्थान में बेची जा रही थीं यूपी की बेटियां ! लखनऊ पुलिस ने किया इंसानी सौदागरों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, दंपति समेत 6 गिरफ्तार

मोहनलालगंज (लखनऊ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे मोहनलालगंज इलाके में पुलिस ने नाबालिग …